'हरदोई को ₹26.58 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी':मंत्री नितिन अग्रवाल ने विपक्ष को घेरा, कहा- माफियाओं को संरक्षण देने वाले सवाल न उठाएं


हरदोई में उत्तर प्रदेश के आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने शनिवार शाम 7 बजे अपने आवास पर पत्रकारों से बात की। उन्होंने कानून व्यवस्था, राम मंदिर से जुड़े आरोपों और जिले के विकास कार्यों पर विस्तृत जानकारी दी। मंत्री अग्रवाल ने कहा कि योगी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में बेहतर कानून व्यवस्था शामिल है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि जिन लोगों ने अतीक अहमद और मुख्तार अंसारी जैसे माफियाओं को संरक्षण दिया, उन्हें कानून व्यवस्था पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब सरकार माफियाओं के अवैध कब्जों पर बुलडोजर चला रही है, तब समाजवादी पार्टी को सबसे अधिक पीड़ा हो रही है। राम मंदिर से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के आरोपों पर नितिन अग्रवाल ने कहा कि यह करोड़ों लोगों की आस्था का विषय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी नेता मनीष ग्रोवर का बयान उनका व्यक्तिगत मत था। सरकार ने तत्काल एसआईटी गठित कर जांच कराई, जिसके आधार पर कार्रवाई हुई और दोषियों को जेल भेजा गया। उन्होंने बताया कि जांच अभी जारी है और मुख्यमंत्री पहले ही कह चुके हैं कि दोषी कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। मंत्री ने हरदोई में चल रहे विकास कार्यों की भी जानकारी दी।उन्होंने बताया कि बिजली विभाग की ₹26.58 करोड़ की नई योजनाएं स्वीकृत हुई हैं। इन योजनाओं के तहत ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता बढ़ाई जाएगी, जर्जर बिजली लाइनें बदली जाएंगी, नए पोल लगाए जाएंगे और 33 केवी तथा 11 केवी उपकेंद्रों को सुदृढ़ किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, पीडब्ल्यूडी की सड़क परियोजनाओं, नगर पालिका के विकास कार्यों, खेतोई से पिहानी चुंगी तक फोरलेन निर्माण और सीतापुर रोड पर नए बस अड्डे के प्रस्ताव पर भी तेजी से कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, पेयजल और सिंचाई उनकी प्राथमिकताओं में शामिल हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *