![]()
भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने शुक्रवार को मेरठ सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता की। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार मेरठ पहुंचीं सरोज कुशवाहा ने बताया कि उनका यह दौरा संगठन के विस्तार कार्यक्रम का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश, क्षेत्र, जिला और मंडल स्तर पर संगठन को और मजबूत करने के लिए बैठकों का दौर चल रहा है। मेरठ में भी महिला मोर्चा पदाधिकारियों के साथ संगठन के विस्तार, नए गठन और आगामी रणनीति पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे वह पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगी। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा और महिलाओं को नेतृत्व की भूमिका में तैयार किया जाएगा। मेरठ में चर्चित ललिता गौतम हत्याकांड और प्रदर्शन के दौरान हुए लाठीचार्ज को लेकर पूछे गए सवाल पर सरोज कुशवाहा ने कहा कि यदि पीड़ित परिवार उनसे मिलने की इच्छा जताता है तो वह उनसे अवश्य मिलेंगी। हालांकि सरकार की ओर से कोई वादा करना उचित नहीं होगा, लेकिन संगठन और सरकार की ओर से जो भी न्याय उचित होगा, उसका प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार महिलाओं की सुरक्षा और न्याय के लिए पहले भी प्रतिबद्ध रही है और आगे भी रहेगी। 33% आरक्षण लागू हो या नहीं, महिलाएं चुनाव लड़ेंगी महिला आरक्षण को लेकर उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी शुरू से ही महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी देने के पक्ष में रही है। 33 प्रतिशत आरक्षण लागू ना होने पर भी भाजपा इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं को तैयार करेगी कि वे अपनी योग्यता के आधार पर चुनाव लड़ें और जीतें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा महिलाओं को अधिक से अधिक प्रतिनिधित्व देने की है। संगठन का लक्ष्य महिलाओं को जमीनी स्तर पर प्रशिक्षित कर चुनावी राजनीति के लिए तैयार करना है। हर बूथ पर महिला नेतृत्व तैयार करने का लक्ष्य प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उनका संकल्प है कि भाजपा की प्रत्येक बूथ समिति में महिलाओं की मजबूत भागीदारी हो। उन्होंने कहा कि अब महिलाओं को केवल सदस्य नहीं बल्कि बूथ अध्यक्ष और सक्रिय संगठनकर्ता के रूप में तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान तो लगातार चलता रहता है, लेकिन अब संगठन का फोकस महिलाओं को जिम्मेदारी देने और नेतृत्व विकसित करने पर रहेगा। इसी उद्देश्य से वह क्षेत्रवार, जिलावार और आवश्यकता पड़ने पर मंडल व बूथ स्तर तक जाएंगी। सरोज कुशवाहा ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत महिला मतदाता हैं। अब जरूरत इस बात की है कि यही महिलाएं बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ता की भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि जो महिलाएं अब तक केवल मतदान करती थीं, उन्हें अब संगठन के कार्यक्रमों, बूथ बैठकों, ‘मन की बात’, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती, धारा 370 जैसे विषयों पर चर्चा करने वाली सक्रिय कार्यकर्ता बनाया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिला आरक्षण कानून पूरी तरह लागू होगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष चाहे जितनी बाधाएं डाले, भाजपा अपने संकल्प से पीछे नहीं हटेगी। महिलाओं की सुरक्षा पहले से बेहतर हुई महिलाओं की सुरक्षा पर उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में स्थिति में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने अपना उदाहरण देते हुए कहा कि उनकी बेटियां अकेले बाहर पढ़ती हैं और उन्हें पहले जैसी चिंता नहीं रहती क्योंकि कानून व्यवस्था मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं पहले की तुलना में कहीं अधिक आत्मविश्वास के साथ बाहर निकल रही हैं। सरकार ने कानून व्यवस्था को मजबूत किया है, जिससे महिलाओं का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने कहा कि भारत में महिलाओं का सम्मान सदैव सर्वोच्च रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति में नारी को लक्ष्मी, दुर्गा और सरस्वती के रूप में पूजा जाता है।
Source link
महिला आरक्षण लागू कराकर रहेगी मोदी सरकार:मेरठ में बोलीं भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष, आरक्षण लागू हो या न हो महिलाएं लड़ेंगी चुनाव