मिड-डे मील खाने के बाद छात्र की तबीयत बिगड़ी:फिरोजाबाद में अस्पताल में मौत, खाने का सैंपल जांच के लिए भेजा गया


फिरोजाबाद के बसई मोहम्मदपुर क्षेत्र स्थित गढ़ी तिवारी प्राथमिक विद्यालय में शुक्रवार को मिड-डे मील खाने के बाद एक छात्र की तबीयत बिगड़ गई। उसे तत्काल ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद शिक्षा विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान दीपक (12) पुत्र सुभाष के रूप में हुई है। विद्यालय स्टाफ के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे दीपक ने अन्य छात्रों के साथ मिड-डे मील खाया था। भोजन करने के कुछ देर बाद वह अचानक बेहोश होकर स्कूल परिसर में गिर पड़ा। इसके बाद विद्यालय कर्मियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण अस्पताल एवं विद्यालय पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जानकारी मिलने पर बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) अनिल कुमार सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। एहतियात के तौर पर विद्यालय में बने मिड-डे मील का सैंपल जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है, ताकि भोजन की गुणवत्ता की जांच की जा सके। पुलिस और प्रशासन ने बताया कि छात्र की मौत के कारणों को लेकर अभी कोई निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, विसरा परीक्षण और मिड-डे मील की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *