पोते को करंट से बचाने पहुंचे दादा की मौत:बुलंदशहर में किशोर की हालत गंभीर, हाईटेंशन लाइन से पतंग निकालते समय चपेट में आया


बुलंदशहर के खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को एक हादसा सामने आया। घर की छत पर पतंग उड़ाते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए 12 वर्षीय पोते को बचाने के प्रयास में 65 वर्षीय दादा की करंट लगने से मौत हो गई। पोता गंभीर रूप से घायल है और उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। मोहल्ला बुर्ज उस्मान निवासी अबरार का 12 वर्षीय पुत्र अहद अपने घर की छत पर पतंग उड़ा रहा था। इसी दौरान उसकी पतंग पास से गुजर रही 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन में उलझ गई। मासूम अहद ने पतंग निकालने के लिए लोहे की एक रॉड का इस्तेमाल किया। जैसे ही लोहे की रॉड हाईटेंशन तार से छुई, जोरदार धमाके के साथ अहद करंट की चपेट में आ गया और छत पर ही गिर पड़ा। पोते की चीख-पुकार सुनकर नीचे मौजूद उसके दादा इसरार मेंबर (65 वर्ष, पुत्र जुमा खां) उसे बचाने के लिए छत की तरफ दौड़े। जैसे ही उन्होंने झुलस रहे पोते को बचाने का प्रयास किया, वे खुद भी बिजली की तेज चपेट में आ गए। करंट का झटका इतना जोरदार था कि दोनों वहीं अचेत होकर गिर पड़े। घटना के बाद परिजनों और आस-पास के लोगों ने दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद दादा इसरार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, मासूम अहद की हालत बेहद नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है। यह घटना शुक्रवार दोपहर लगभग 11:30 बजे हुई। घायल बच्चे के पिता अबरार पॉटरी मिट्टी के बर्तन बनाने के कारखाने में मजदूरी करते हैं। स्थानीय पुलिस का कहना है कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है, हालांकि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *