![]()
आंध्र प्रदेश के कडप्पा में 46 साल के एक व्यक्ति की कोविड-19 से मौत हो गई। व्यक्ति को पिछले महीने 24 जून को वेल्लोर के CMC अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जांच में उसे निमोनिया पाया गया। कोविड की आशंका पर 26 जून को टेस्ट किया गया, जिसमें रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जांच में पता चला कि उसके दोनों फेफड़े गंभीर रूप से संक्रमित होकर निमोनिया की चपेट में आ गए थे। इलाज के दौरान 28 जून को उसकी मौत हो गई। जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी रवि बाबू ने बताया कि मृतक शराब पीता था। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मृतक को सांस फूलने और खांसी की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया था। मृतक के संपर्क में आए लोगों की पहचान कर उनकी ट्रेसिंग भी की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने इलाके में सैनिटाइजेशन भी शुरू कर दिया है। कडप्पा और तिरुपति में 5 नए पॉजिटिव केस मिले कोरोना से मौत के बाद राज्यभर में समीक्षा कराई गई। इस दौरान कडप्पा और तिरुपति जिलों में 5 और पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। मेडिकल एजुकेशन डायरेक्टर (DME) ने राज्य के सरकारी अस्पतालों से आइसोलेशन बेड, ICU बेड, ऑक्सीजन, वेंटिलेटर, दवाइयों, रैपिड टेस्ट किट, एंबुलेंस और मेडिकल स्टाफ की उपलब्धता का ब्यौरा मांगा है। भारत में कोरोना कब आया था और इसकी शुरुआत कैसे हुई? कोरोना वायरस (SARS-CoV-2) का पहला मामला दिसंबर 2019 में चीन के वुहान शहर में सामने आया। शुरुआत में इसे अज्ञात कारणों वाले निमोनिया के मामलों के रूप में देखा गया। बाद में वैज्ञानिकों ने इसे नए कोरोना वायरस के रूप में पहचाना। WHO ने 11 मार्च 2020 को इसे वैश्विक महामारी (Pandemic) घोषित किया। भारत में पहला कोविड-19 मरीज 30 जनवरी 2020 को मिला था। यह केरल के त्रिशूर की एक मेडिकल छात्रा थी, जो वुहान (चीन) से पढ़ाई करके लौटी थी। इसके बाद फरवरी में केरल में दो और मामले सामने आए और मार्च से संक्रमण देश के दूसरे राज्यों में फैलने लगा। संक्रमण तेजी से बढ़ने के बाद भारत सरकार ने 25 मार्च 2020 से देशव्यापी लॉकडाउन लागू किया। इससे पहले एयरपोर्ट स्क्रीनिंग, संक्रमित लोगों की पहचान, कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और क्वारंटीन जैसे कदम शुरू कर दिए गए थे। 2022 में कोरोना से भारत में 5.3 लाख मौतें हुईं भारत में कोविड से आधिकारिक तौर पर करीब 5.3 लाख मौतें दर्ज की गईं। हालांकि, विश्व स्वास्थ्य संगठन ने अनुमान लगाया कि कोरोना महामारी से भारत में लगभग 47 लाख मौतें हुईं। दुनिया भर में कोविड से आधिकारिक मौतों का आंकड़ा 70 लाख से अधिक दर्ज किया गया। अब तक कितने वैरिएंट आ चुके हैं? अब तक कोरोना वायरस के हजारों वैरिएंट सामने आ चुके हैं। इनमें से विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने कुछ प्रमुख वैरिएंट को विशेष श्रेणी में रखा है, जिनमें अल्फा (Alpha), बीटा (Beta), गामा (Gamma), डेल्टा (Delta) और ओमिक्रॉन (Omicron) शामिल हैं। ओमिक्रॉन के भी समय-समय पर कई सब-वैरिएंट, जैसे JN.1, XFG और NB.1.8.1, सामने आए हैं।
Source link
आंध्र प्रदेश में कोरोना से व्यक्ति की मौत:4 दिन इलाज चला, दोनों फेफड़े खराब हो गए थे; दो जिलों में 5 पॉजिटिव केस मिले