देवरिया के युवक की नोएडा में छत से गिरकर मौत:निजी कंपनी में नौकरी करता था, आत्महत्या की आशंका


नोएडा में एक इमारत की छत से गिरने के कारण देवरिया जिले के बघौचघाट थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी 22 वर्षीय वेदांत शाही की मौत हो गई। वेदांत नोएडा में एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों के अनुसार, वेदांत शाही पुत्र विनय शाही पिछले कुछ समय से नोएडा में रहकर एक निजी कंपनी में नौकरी करते थे। बुधवार रात वह संदिग्ध परिस्थितियों में छत से गिर गए। गंभीर रूप से घायल होने पर उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वेदांत की मौत की सूचना उनके पैतृक गांव रामनगर पहुंचते ही परिवार में मातम छा गया। उनके माता-पिता और बहन वर्तिका शाही गहरे सदमे में हैं। ग्रामीणों ने बताया कि वेदांत परिवार के इकलौते बेटे थे और नौकरी कर परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में सहयोग कर रहे थे। स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई है। परिजनों के अनुसार, पोस्टमार्टम के बाद शव को पैतृक गांव लाया जाएगा, जहां अंतिम संस्कार किया जाएगा। पुलिस फिलहाल छत से गिरने के कारणों की गहनता से जांच कर रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *