मुख्यमंत्री योगी ने चित्रकूट में की कामतानाथ परिक्रमा:बहरा हनुमान मंदिर से शुभारंभ, मांगी प्रदेश के सुख-समृद्धि की कामना


उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को धर्मनगरी चित्रकूट पहुंचे। उन्होंने भगवान कामतानाथ की परिक्रमा की शुरुआत बहरा हनुमान मंदिर से की। इस दौरान पूरे परिक्रमा मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सुबह से ही कामतानाथ परिक्रमा मार्ग, रामघाट और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क रहीं। पुलिस, पीएसी और खुफिया एजेंसियों के जवानों ने मोर्चा संभाला। जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई और सुरक्षा जांच के बाद ही लोगों को प्रवेश दिया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहरा हनुमान मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। इसके बाद उन्होंने कामतानाथ महाराज की पवित्र परिक्रमा प्रारंभ की। परिक्रमा मार्ग पर मौजूद श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का अभिवादन किया और कई स्थानों पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन कई दिनों से तैयारियों में जुटा था। परिक्रमा मार्ग की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा को दुरुस्त किया गया। अधिकारियों ने पहले ही पूरे मार्ग का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की थीं। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी पूरे कार्यक्रम की लगातार निगरानी करते रहे। सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल के साथ सादे कपड़ों में भी सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया था। मुख्यमंत्री के इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर चित्रकूट में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखा गया। प्रशासन ने बताया कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए थे।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *