मंच पर बैठने को लेकर भिड़े दो सपा जिलाध्यक्ष:बलिया सांसद की मौजूदगी में हुई मारपीट, वीडियो वायरल, समर्थकों के बीच मचा हंगामा


आगरा में समाजवादी पार्टी की संगठनात्मक बैठक के दौरान अनुशासन टूट गया। बलिया सांसद सनातन पांडेय की मौजूदगी में मथुरा के दो सपा पदाधिकारियों के बीच मंच पर बैठने को लेकर शुरू हुआ विवाद हाथापाई में बदल गया। इसके बाद समर्थकों में भी मारपीट हुई। करीब 20 मिनट तक चले हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। आगरा के फतेहाबाद रोड स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में बुधवार को आयोजित बैठक के दौरान मथुरा के सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव और मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिलाध्यक्ष राघवेंद्र तोमर के बीच मंच पर बैठने को लेकर विवाद हो गया। बैठक में बलिया सांसद सनातन पांडेय ब्राह्मण सम्मेलन की तैयारियों को लेकर आगरा, मथुरा और फिरोजाबाद के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे। बैठक के दौरान दोनों नेताओं के बीच पहले बहस हुई। बैठक समाप्त होने के बाद कार्यालय परिसर में विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के समर्थक भी आमने-सामने आ गए और लात-घूंसे चलने लगे। करीब 20 मिनट तक हंगामा चलता रहा। बाद में पार्टी कार्यकर्ताओं ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया और वीरेंद्र यादव को गाड़ी में बैठाकर रवाना किया। घटना के दौरान सपा कार्यालय के बाहर कुछ देर जाम की स्थिति भी बनी रही। मारपीट और हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसकी दिनभर चर्चा रही। बैठक के बाद प्रेसवार्ता में सांसद सनातन पांडेय ने केंद्र सरकार और भाजपा पर कई राजनीतिक आरोप लगाए। उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण का जिक्र करते हुए भाजपा पर निशाना साधा और कहा कि ब्राह्मण समाज को समाजवादी पार्टी में सम्मान मिलेगा तथा 2027 के विधानसभा चुनाव में उन्हें अधिक प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *