![]()
देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव में बुधवार की रात 10 बजे एक युवक ने घरेलू विवाद के बाद ब्लेड से अपना गला काट लिया। गंभीर हालत में उसे परिजन और ससुराल पक्ष के लोग इलाज के लिए देवरिया मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां उसका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार, गोरखपुर जिले के चौरीचौरा थाना क्षेत्र के मीठाबेल गांव निवासी डब्लू राजभर (40) पुत्र श्यामनाथ की शादी बसंतपुर गांव में हुई है। उसकी पत्नी लगभग एक माह पहले अपने भाई धर्मेंद्र की शादी में शामिल होने के लिए मायके आई थी और तब से वहीं रह रही थी। बताया जा रहा है कि डब्लू मंगलवार को पत्नी को अपने साथ घर ले जाने के लिए ससुराल पहुंचा था। बुधवार को उसने पत्नी से घर चलने के लिए कहा, लेकिन पत्नी ने फिलहाल जाने से इनकार कर दिया। इसे लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद डब्लू वहां से चला गया। कुछ देर बाद वह शराब के नशे में दोबारा ससुराल पहुंचा। आरोप है कि उसने अपने पास मौजूद ब्लेड से घर के बाहर ही अपना गला काट लिया। आनन-फानन में ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे जिला मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह मामला घरेलू विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और घायल युवक का बयान दर्ज किए जाने के बाद आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
पत्नी के इनकार पर युवक ने ब्लेड से काटा गला:कई दिनों से मायके में रह रही थी, गंभीर हालत में पति मेडिकल कॉलेज में भर्ती