इटायला माफी के हेड मास्टर को CM ने सम्मानित किया:स्वच्छता में प्रदेश में अव्वल और देश में 12वें पायदान पर है मुरादाबाद कमिश्नरी का ये स्कूल


मुरादाबाद कमिश्नरी के पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय इटायला माफी के हेड मास्टर कपिल मलिक को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वाराणसी में आयोजित एक कार्यक्रम में सम्मानित किया है। इटायला माफी प्राथमिक स्कूल को स्वच्छ एवं हरित विद्यालय पुरस्कार – 2026 के लिए चुना गया है। नेशनल लेवल पर की गई रैंकिंग में स्कूल को यूपी में प्रथम और देश में 12वां स्थान हासिल हुआ है। वाराणसी स्थित दीनदयाल हस्तकला संकुल (टीएफसी) एवं शिल्प संग्रहालय के ऑडिटोरियम में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कपिल मलिक को ये पुरस्कार दिया। इटायला माफी संभल जिले के असमोली ब्लॉक का स्कूल है। विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने इस सम्मान का श्रेय विद्यालय परिवार की निरंतर मेहनत, विद्यार्थियों के अनुशासन, अभिभावकों के सहयोग तथा निवर्तमान जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैन्सिया के दूरदर्शी नेतृत्व को दिया। उन्होंने बताया कि शासन के कायाकल्प अभियान के 19 मानकों के अतिरिक्त डॉ. पैन्सिया द्वारा 140 गुणवत्ता आधारित पैरामीटर तैयार कर संभल जनपद के सभी पीएम श्री विद्यालयों में लागू कराए गए, जिनके प्रभावी क्रियान्वयन और विद्यालय परिवार की अथक मेहनत के कारण आज विद्यालय इस गौरवपूर्ण मुकाम तक पहुंचा है। प्रधानाध्यापक ने कहा कि यह पुरस्कार केवल सम्मान नहीं, बल्कि भविष्य में और अधिक उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा है। विद्यालय परिवार शिक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं नवाचार के क्षेत्र में इसी प्रकार निरंतर कार्य करता रहेगा। वर्तमान में विद्यालय में 400 से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, जो संभल जनपद के रतूपुरा, मछायरी, मालपुर एवं पैतिया माफ़ी तथा मुरादाबाद जनपद के लोधीपुर राजपूत, पल्लूपुरा घोसी, नगला बनवीर एवं भाड़ली सहित आसपास के लगभग आठ गांवों से प्रतिदिन स्कूल वैन, साइकिल एवं अपने अभिभावकों के साथ अध्ययन हेतु विद्यालय आते हैं। विद्यालय अपनी आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल व्यवस्थाओं के कारण प्रदेश में एक विशिष्ट पहचान बना चुका है। परिसर में हरे-भरे तीन पार्क, संपूर्ण वाई-फाई युक्त परिसर, एजुकेशन पार्क, सभी विद्यार्थियों के लिए फर्नीचर, आधुनिक प्रयोगशाला, स्विमिंग पूल, खेलकूद के लिए झूले, सभी कक्षाओं में स्मार्ट टीवी, प्रार्थना सभा एवं अभिभावक बैठकों के लिए विशाल टिन शेड, हाईटेक शौचालय सहित अनेक आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *