6 हजार की रिश्वत लेते दारोगा रंगे हाथ गिरफ्तार:बिजली चोरी के मुकदमे में राहत दिलाने के नाम पर मांगी थी घूस, एंटी करप्शन ने की कार्रवाई


भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन ब्यूरो) बरेली की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बदायूं में तैनात एक पुलिस उपनिरीक्षक को 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। बिजली चोरी के मुकदमे में मांगी थी रिश्वत
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कृष्णपाल सिंह पुत्र स्व. दुन्दीलाल निवासी ग्राम करतौली, थाना फतेहगंज पूर्वी, जनपद बरेली के रूप में हुई है। वह वर्तमान में उत्तर प्रदेश पुलिस के एंटी पावर थेफ्ट थाना, उसांवा रोड, बदायूं में उपनिरीक्षक के पद पर तैनात था। भ्रष्टाचार निवारण संगठन के अनुसार, शिकायतकर्ता हेमराज पुत्र पूरनलाल निवासी ग्राम नैथू, थाना अलापुर, बदायूं ने शिकायत की थी कि बिजली चोरी के मुकदमे में जेल न भेजने और मुकदमे का निस्तारण कराने के नाम पर उपनिरीक्षक कृष्णपाल सिंह 6 हजार रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत के बाद बिछाया गया जाल
शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली की टीम ने शिकायत का सत्यापन किया और ट्रैप की योजना बनाई। बुधवार दोपहर 12:28 बजे ट्रैप टीम ने डिवीजन द्वितीय विद्युत वितरण खंड कार्यालय, थाना एंटी पावर थेफ्ट परिसर, बदायूं में आरोपी उपनिरीक्षक को शिकायतकर्ता से 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम में दर्ज होगा मुकदमा
कार्रवाई ट्रैप टीम प्रभारी निरीक्षक रामलाल पाण्डेय के नेतृत्व में की गई। आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन, बदायूं में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पीड़ित सीधे एंटी करप्शन से कर सकते हैं शिकायत
भ्रष्टाचार निवारण संगठन ने आम लोगों से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो इसकी शिकायत सीधे पुलिस उपाधीक्षक, भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली के मोबाइल नंबर 9454405475 या प्रभारी निरीक्षक, भ्रष्टाचार निवारण संगठन बरेली इकाई के मोबाइल नंबर 9454401653 पर की जा सकती है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *