सहारनपुर में महिला की दिनदहाड़े गला रेतकर हत्या:मायके में रह रही चार बच्चों की मां को बनाया निशाना, पति पर आरोप


सहारनपुर के थाना फतेहपुर क्षेत्र स्थित छुटमलपुर कस्बे की हरिजन कॉलोनी में बुधवार सुबह एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान चार बच्चों की मां मीनू पत्नी सनी सैनी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मीनू पिछले लगभग 20 दिनों से अपने मायके में रह रही थी। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। बुधवार सुबह पति मायके पहुंचा और धारदार हथियार से मीनू की हत्या कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अभी हत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी पहलुओं पर जांच जारी है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद हरिजन कॉलोनी और छुटमलपुर कस्बे में लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। सूचना मिलने पर थाना फतेहपुर पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच का केंद्र हत्या की वजह और आरोपी की भूमिका है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और परिजनों सहित अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *