इटावा में तेज रफ्तार गाड़ी ने मारी टक्कर:हाथरस के रहने वाले मीडियाकर्मी की मौत, हादसे के चालक मौके से फरार


फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र में कानपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर मंगलवार रात करीब 9 बजे हुए सड़क हादसे में एक पत्रकार की मौत हो गई। मृतक की पहचान उसकी बाइक पर लिखे “प्रेस” और बैग में मिले प्रेस कार्ड के आधार पर हुई। मृतक हाथरस जनपद का बताया जा रहा है। समृद्धि हॉस्पिटल के पास अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। बारिश के बीच हाईवे पर घायल पड़े युवक को देखकर 28वीं वाहिनी पीएसी निवासी विशाल यादव और अन्य राहगीरों ने अपनी कार से तत्काल समृद्धि हॉस्पिटल पहुंचाया। आरोप है कि अस्पताल में इमरजेंसी मरीज का उपचार करने के बजाय जिला अस्पताल ले जाने की बात कहकर वापस भेज दिया गया। इसके बाद युवक को जिला अस्पताल लाया गया, जहां इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. राघवेंद्र सिंह ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। घटनास्थल पर बिना नंबर की प्लेटिना बाइक मिली, जिस पर “प्रेस” लिखा था। बाइक के पास मिले बैग से जनपद हाथरस के सूचना विभाग द्वारा जारी प्रेस कार्ड, अन्य पहचान पत्र और विजिटिंग कार्ड बरामद हुए। सूचना मिलने पर फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही अज्ञात वाहन की तलाश, मृतक की शिनाख्त की पुष्टि और उसके परिजनों से संपर्क करने के प्रयास किए जा रहे हैं। निजी अस्पताल पर लगाए गए इलाज न करने के आरोपों की भी पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *