कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी का भाजपा पर हमला:गैस किल्लत, विदेश व आर्थिक नीतियों पर उठाए सवाल


मिर्जापुर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने विंध्याचल धाम में दर्शन-पूजन के बाद केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता से जुड़े मुद्दों पर सच्चाई छिपा रही है और देश की आर्थिक तथा विदेश नीति दोनों ही मोर्चों पर विफल साबित हो रही है। प्रमोद तिवारी ने गैस सिलेंडर की कमी का मुद्दा उठाया, जिससे अयोध्या में “राम रसोई” जैसी योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने इसे सरकार की व्यवस्थाओं पर सवालिया निशान बताया। कांग्रेस नेता ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के कार्यकाल की 45 दिन के ईंधन भंडारण (फ्यूल रिजर्व) नीति का उल्लेख किया, जिससे आपात स्थितियों में देश को राहत मिलती थी। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार उस स्तर की तैयारी नहीं कर सकी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उन्हें “नेतागिरी का शौक” है, लेकिन जमीनी मुद्दों पर ठोस कार्य नहीं हो रहा। तिवारी ने भारत की विदेश नीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारत लंबे समय से मध्य-पूर्व देशों पर निर्भर रहा है, ऐसे में अंतरराष्ट्रीय संबंधों को संतुलित बनाए रखना आवश्यक है। उन्होंने इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव को चिंताजनक बताते हुए आशंका जताई कि यदि हालात बिगड़ते हैं तो भारत में गैस और ईंधन की गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है। कांग्रेस नेता ने सरकार के कुछ बयानों पर तंज कसते हुए कहा कि “गटर से गैस बनाने” जैसे दावे व्यावहारिक नहीं हैं। उन्होंने सरकार से धरातल पर समाधान देने की मांग की। तिवारी ने आरोप लगाया कि सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा देश की 140 करोड़ जनता को भुगतना पड़ रहा है। प्रमोद तिवारी ने बताया कि वह पिछले लगभग 40 वर्षों से नियमित रूप से माँ विंध्यवासिनी के दरबार में आते रहे हैं, हालांकि कोरोना काल में यह क्रम बाधित हुआ था। उन्होंने माँ के दर्शन कर देश, प्रदेश और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *