![]()
बलरामपुर में शराब बिक्री व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने सोमवार शाम 6:45 बजे भगवतीगंज स्थित देशी और कंपोजिट शराब की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ओवररेटिंग, स्टॉक में गड़बड़ी या किसी भी तरह की अनियमितता पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले दुकानों पर प्रदर्शित रेट लिस्ट की जांच की। उन्होंने निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित मूल्य सूची स्पष्ट रूप से और प्रमुख स्थान पर लगाई जाए, ताकि ग्राहकों से मनमानी वसूली न हो सके। इसके बाद उन्होंने दुकान के लाइसेंस, बिक्री रजिस्टर और अन्य आवश्यक अभिलेखों का गहन सत्यापन किया। डीएम ने दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता भी जांची और सुनिश्चित किया कि सभी कैमरे हर समय चालू रहें तथा उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाए। उन्होंने शराब के स्टॉक का भौतिक सत्यापन कर उसे स्टॉक रजिस्टर से मिलाया, ताकि किसी भी प्रकार की हेराफेरी को रोका जा सके। औचक निरीक्षण आगे भी लगातार जारी रहेंगे ई-पॉस मशीन के माध्यम से हो रही बिक्री प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया गया, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि प्रत्येक बिक्री निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही हो रही है। निरीक्षण का एक महत्वपूर्ण पहलू शराब की बोतलों पर लगे QR कोड को स्कैन कर उनकी प्रामाणिकता की जांच करना था, ताकि मिलावटी या अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाया जा सके। जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शराब की बिक्री केवल शासन की गाइडलाइन और निर्धारित मूल्य पर ही की जाएगी। यदि कहीं भी ओवररेटिंग, स्टॉक में हेराफेरी, अवैध गतिविधि या अन्य अनियमितता पाई गई, तो संबंधित के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि आबकारी व्यवस्था में पारदर्शिता जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे। इस औचक निरीक्षण के दौरान जिला आबकारी अधिकारी भी मौजूद रहे।
Source link
डीएम ने शराब दुकानों का औचक निरीक्षण किया:रेट लिस्ट, स्टॉक, CCTV और QR कोड की जांच की, अनियमितता पर कार्रवाई की चेतावनी