![]()
अयोध्या की रुदौली विधानसभा को विधानसभा चुनाव से पहले स्थायी हेलीपैड की सौगात मिलने जा रही है। रुदौली और मवई विकासखंडों में स्थायी हेलीपैड का निर्माण किया जाएगा, जिससे वीआईपी आवागमन सुगम होगा। लोक निर्माण विभाग ने इसका प्राक्कलन तैयार कर शासन को भेजा है। अनुमति मिलने के बाद इसी माह निविदा प्रक्रिया शुरू होने की संभावना है। प्रदेश सरकार के निर्देश पर सभी विकासखंडों में स्थायी हेलीपैड निर्माण के लिए भूमि चिन्हित की जा रही है। मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित एक संयुक्त टीम ने निर्धारित मानकों के अनुरूप स्थलों का चयन किया। इस टीम में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, एसआरटीओ, संबंधित एसडीएम, तहसीलदार और बीडीओ सहित अन्य अधिकारी शामिल थे। चयन प्रक्रिया के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि चयनित स्थल बिजली के तारों और बड़े पेड़ों से पर्याप्त दूरी पर हों। साथ ही, मुख्य मार्ग से वहां तक सीधी और सुगम पहुंच उपलब्ध हो। मवई विकासखंड के गनेशपुर और रुदौली विकासखंड के फिरोजपुर मझौली गांव में स्थायी हेलीपैड के लिए भूमि चिन्हित की गई है। प्रत्येक हेलीपैड के लिए लगभग 26×26 मीटर क्षेत्रफल का भूखंड चयनित किया गया है। अनुमान है कि प्रति हेलीपैड पर लगभग 20 लाख रुपये का खर्च आएगा। इस प्रकार, दोनों हेलीपैडों के निर्माण पर कुल लगभग 40 लाख रुपये की लागत आएगी। लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता विकल्प कन्नौजिया ने बताया कि भूमि चिन्हांकन और प्राक्कलन का कार्य पूरा कर रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। शासन से स्वीकृति मिलते ही निविदा प्रक्रिया शुरू कर निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया जाएगा। उपजिलाधिकारी संतोष कुमार ने 6 जुलाई सोमवार को बताया कि स्थायी हेलीपैड बनने से विधानसभा चुनाव, सरकारी कार्यक्रमों और आपातकालीन स्थितियों में बार-बार अस्थायी हेलीपैड बनाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे समय और सरकारी संसाधनों की बचत होगी, साथ ही भविष्य की प्रशासनिक आवश्यकताओं को पूरा करने में भी सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के प्रशासनिक ढांचे को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
Source link
अयोध्या के रुदौली-मवई को स्थायी हेलीपैड की सौगात:40 लाख की परियोजना से आसान होगा वीआईपी आवागमन