- Hindi News
- Sports
- Wimbledon 2026 Djokovic Sets Wimbledon Record: 106 Wins, 17th Quarter Final
22 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

नोवाक जोकोविच विंबलडन के इतिहास में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाले पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। चौथे दौर में 39 साल के जोकोविच ने रूस के क्वालिफायर रोमान सफीउलिन को 7-6 (8-6), 6-3, 3-6, 6-3 से हराकर अपनी 106वीं जीत दर्ज की।
इसके साथ ही उन्होंने रोजर फेडरर (105 जीत) का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। अब पूरे विंबलडन इतिहास में उनसे आगे केवल मार्टिना नवरातिलोवा हैं, जिनके नाम 120 जीत हैं।
17वीं बार क्वार्टर फाइनल में पहुंचे
इस जीत के साथ जोकोविच ने रिकॉर्ड 17वीं बार विंबलडन के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। अब उनका मुकाबला कनाडा के फेलिक्स ऑगर-अलियासिमे से होगा।
मैच के दौरान गुस्से में गेंद मार दी
132वीं रैंकिंग के रोमान सफीउलिन ने जोकोविच को कड़ी टक्कर दी। मैच की शुरुआत में जोकोविच को आंखों में परेशानी हुई। तीसरे सेट में सफीउलिन ने उनकी सर्विस ब्रेक की तो जोकोविच गुस्से में गेंद को दूसरी ओर मार बैठे। अंपायर ने उन्हें चेतावनी दी, जबकि दर्शकों ने भी हूटिंग की।

मैच के बाद नोवाक जोकोविच ने रोमान सफीउलिन से गले मिला।
मैच के बाद बोले- गुस्से के लिए माफी चाहता हूं
मैच के बाद जोकोविच ने अपनी हरकत पर माफी मांगी। उन्होंने कहा, ‘मैं अपने गुस्से और चिड़चिड़ेपन के लिए जाना जाता हूं। आज भी ऐसा ही हुआ, जिसके लिए माफी चाहता हूं। हमारा दिमाग बार-बार भटकता है। उसे वर्तमान में बनाए रखना आसान नहीं होता। जो ऐसा कर पाता है, वही आखिर में जीतता है।’
चोट से लौटे सफीउलिन ने किया परेशान
28 साल के सफीउलिन छह महीने पहले गंभीर चोट से जूझ रहे थे, लेकिन उन्होंने जोकोविच को तीन घंटे से ज्यादा समय तक कोर्ट पर संघर्ष करने के लिए मजबूर किया। पहले सेट में उन्होंने 5-3 की बढ़त भी बना ली थी, हालांकि जोकोविच ने वापसी कर टाई-ब्रेकर में सेट जीत लिया। तीसरे सेट में सफीउलिन ने मेडिकल टाइमआउट लिया, फिर भी 6-3 से सेट जीतकर मुकाबला चौथे सेट तक पहुंचाया। आखिर में अनुभव के दम पर जोकोविच ने मैच अपने नाम कर लिया।
सिनर भी क्वार्टर फाइनल में पहुंचे
दूसरी ओर, मौजूदा चैंपियन और दुनिया के नंबर-1 खिलाड़ी जैनिक सिनर ने जापान के क्वालिफायर शिंतारो मोचिजुकी को 6-3, 7-6 (7-0), 6-3 से हराकर लगातार पांचवीं बार विंबलडन के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। अब उनका मुकाबला जर्मनी के जान-लेनार्ड स्ट्रफ से होगा। यदि सिनर और जोकोविच अपने-अपने क्वार्टर फाइनल जीतते हैं तो सेमीफाइनल में दोनों आमने-सामने हो सकते हैं।
फेडरर के 8 खिताब की बराबरी पर नजर
जोकोविच इस बार खिताब जीतकर रोजर फेडरर के आठ विंबलडन खिताब के रिकॉर्ड की बराबरी करना चाहेंगे। साथ ही वह अपने करियर का 25वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने के भी करीब हैं। हालांकि इस बार खेले गए चार मैचों में से तीन में उन्हें जीत के लिए चार सेट तक खेलना पड़ा है।
ओसाका ने नंबर-1 सबालेंका को हराया, पहली बार विंबलडन क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं
ऑल इंग्लैंड क्लब में सोमवार को महिला सिंगल्स का सबसे बड़ा उलटफेर देखने को मिला। जापान की चार बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन नाओमी ओसाका ने दुनिया की नंबर-1 खिलाड़ी आर्यना सबालेंका को 6-2, 7-6 (7-2) से हराकर पहली बार विंबलडन के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई।

नेओमी ओसाका (बाएं) ने चौथे दौर में दुनिया की नंबर-1 खिलाड़ी आर्यना सबालेंका को सीधे सेटों में हराया। मैच के बाद दोनों खिलाड़ियों ने नेट पर हाथ मिलाया।
तीन महीने में चौथी भिड़ंत, ओसाका ने पहली बार सबालेंका को हराया
पिछले तीन महीनों में ओसाका और सबालेंका के बीच यह चौथी भिड़ंत थी। इससे पहले हुए तीनों मुकाबलों में सबालेंका ने जीत दर्ज की थी। लेकिन सेंटर कोर्ट पर इस बार ओसाका शुरुआत से ही हावी रहीं। उन्होंने दमदार सर्विस और सटीक फोरहैंड की मदद से बेसलाइन रैलियों में सबालेंका को पीछे रखा और केवल 32 मिनट में पहला सेट 6-2 से जीत लिया।
कोको गॉफ और पेगुला भी अंतिम-8 में
एक अन्य मुकाबले में अमेरिका की कोको गॉफ ने स्विट्जरलैंड की बेलिंडा बेनसिच को 4-6, 6-3, 6-4 से हराया। मुकाबला स्थानीय समयानुसार रात 11 बजे के कर्फ्यू से दो मिनट पहले खत्म हुआ। अब क्वार्टर फाइनल में गॉफ का सामना अपनी डबल्स पार्टनर और चौथी वरीयता प्राप्त जेसिका पेगुला से होगा। पेगुला ने इवा जोविक को 4-6, 6-3, 6-1 से हराकर अंतिम-8 में जगह बनाई।
