कार में पट्रोल भरवाकर रफूचक्कर हुए युवक:झांसी में 1950 रुपए का तेल डलवाया, पैसे मांगे तो भगाई कार, CCTV में कैद करतूत


झांसी में एक पेट्रोल पंप पर कार सवार युवकों ने 1950 रुपए का पेट्रोल भरवाया और फिर बिना पैसे दिए ही कार लेकर भाग गए। कर्मचारी चिल्लाते हुए पीछे दौड़े, लेकिन तब तक वे कार की स्पीड बढ़ाकर रफूचक्कर हो गए। ये पूरी घटना पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना शनिवार रात 9:03 बजे की है। रविवार रात को पंप के कर्मचारियों ने सीसीटीवी फुटेज वायरल कर दिया। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। घटना बड़ागांव थाना क्षेत्र के गोरामछिया गांव की है। 5 महीने पहले इसी पंप पर थार गाड़ी सवार 3500 का तेल भरवाकर भाग गए थे। कार पर आगे-पीछे नंबर नहीं था पंप के मालिक अभिनव यादव ने बताया- मेरा बड़ागांव के गोरामछिया गांव में राधे राधे फिलिंग स्टेशन है। 4 जुलाई की रात 9:03 बजे पंप पर एक ब्लैक रंग की कार आई। उसमें 3 युवक सवार थे। दो आगे और एक पीछे बैठा था। शीशों पर काली फिल्म लगी थी। आगे-पीछे नंबर नहीं था। कार चालक बोला कि 1950 रुपए का पेट्रोल डाल दो। सेल्समैन ने मशीन में फीड करके पेट्रोल डालना शुरू कर दिया। पेट्रोल डालने के बाद सेल्समैन ने पैसे मांगे तो युवक कहने लगे कि पेमेंट दे रहे हैं, पहले टैंक का ढक्कन लगा दो। तब सेल्समैन ने टंकी का ढक्कन लगा दिया। जैसे ही वह पैसे मांगने के लिए आगे बढ़ा तो चालक ने कार बढ़ा दी। कर्मचारी चिल्लाते हुए पीछे भागे, मगर आरोपी कार की स्पीड बढ़ाकर भाग गए। घटना पंप के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। मगर कार पर नंबर नहीं था। 112 पर कॉल लगाकर पुलिस को सूचना दी। थोड़ी देर बाद पुलिस आ गई और जांच पड़ताल की। 5 महीने पहले भी वारदात हुई थी पंप मालिक ने आगे बताया- इसी तरह 5 महीने पहले वारदात हुई थी। तब भी बिना नंबर की एक थार गाड़ी पंप पर आई। सेल्समैन से 3500 रुपए का डीजल भरवाया। इसके बाद चालक बिना पैसे दिए ही थार को भगाकर ले गया था। नंबर न होने के कारण अब तक थार वाले का कोई सुराग नहीं लगा। अब दूसरी वार घटना हो गई। ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पेट्रोल पंप मालिक अभिनव यादव ने बड़ागांव थाना में शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *