![]()
मेरठ के सदर बाजार थाना क्षेत्र में रविवार रात एक युवती ने कुछ युवकों पर अभद्रता और मारपीट का आरोप लगाया है। युवती के अनुसार, वह अपने भाई को घर ले जाने पहुंची थी, तभी वहां मौजूद युवकों ने उसके साथ बदसलूकी की। विरोध करने पर युवती और उसके भाई के साथ मारपीट की गई। युवती ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि शिकायत के बावजूद उसकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। युवती ने बताया कि उसका भाई घर से नाराज होकर चला गया था। उसकी तलाश में वह उस स्थान पर पहुंची, जहां उसका भाई अपने परिचित साजिद, आबिद, मुनव्वर और जावेद के साथ था। आरोप है कि जब युवती भाई को घर ले जाने लगी, तो युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और उसके साथ अभद्रता की। युवती का यह भी आरोप है कि विरोध करने पर उसके कपड़े फाड़ दिए गए और उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। इस घटना में युवती और उसके भाई को चोटें भी आई हैं। युवती का आरोप है कि जब वह शिकायत लेकर सदर बाजार थाने पहुंची, तो पुलिस ने उसके गंभीर आरोपों पर मुकदमा दर्ज करने के बजाय आरोपियों के खिलाफ केवल शांति भंग की आशंका में कार्रवाई की। इस कथित कार्रवाई से पीड़ित परिवार और स्थानीय लोगों में नाराजगी है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि आरोपित युवक अक्सर इलाके में शराब पीकर हुड़दंग करते हैं और राहगीरों व महिलाओं से अभद्रता करते हैं। पीड़ित परिवार ने अब मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से करने की बात कही है और निष्पक्ष जांच के साथ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
मेरठ में युवती से अभद्रता और मारपीट का आरोप:भाई को घर ले जाने पहुंची, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप