![]()
लखनऊ के इंदिरानगर इलाके में शनिवार देर रात शादी के महज पांच महीने बाद एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिला। परिजन उसे फंदे से उतारकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार को मायके पक्ष की तहरीर पर पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक बिहार के बक्सर जिले के भोजपुर निवासी कमलाकांत मिश्रा की शादी इसी साल फरवरी में सोनाली (24) से हुई थी। कमलाकांत इंदिरानगर के शिवाजीपुरम में किराए के मकान में रहकर एक प्राइवेट बैंक में नौकरी करते हैं। शनिवार देर रात सोनाली का शव घर में फंदे से लटका मिला। परिजनों ने उसे तुरंत नीचे उतारा और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। अस्पताल से सूचना मिलने पर इंदिरानगर पुलिस मौके पर पहुंची और शुरुआती जांच के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मायके पक्ष को घटना की जानकारी दी गई। भाई बोला- कार और नकदी की मांग को लेकर करते थे प्रताड़ित रविवार को बिहार से लखनऊ पहुंचे मृतका के भाई अभिषेक ने बताया कि शनिवार रात बहनोई का फोन आया था। उन्होंने बताया कि सोनाली ने आत्महत्या कर ली है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अभिषेक का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग कार और नकदी की मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर सोनाली को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि पति के अलावा जेठ, जेठानी, सास और ससुर भी उसे लगातार परेशान करते थे। दहेज हत्या का मुकदमा, पति हिरासत में मृतका के भाई की तहरीर पर इंदिरानगर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ दहेज हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
शादी के पांच महीने बाद महिला की संदिग्ध मौत:फंदे से लटका मिला शव, दहेज हत्या में पति हिरासत में लिया