![]()
अयोध्या जिले में उमसभरी गर्मी से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। बारिश न होने के कारण किसानों की धान की रोपाई और बुवाई का कार्य बाधित हो रहा है। लगातार बढ़ते तापमान और उमस के बीच हो रही विद्युत कटौती ने आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। किसान खेतों में पर्याप्त नमी न मिलने से चिंतित हैं, वहीं घरेलू उपभोक्ताओं को भी दिन-रात बिजली संकट का सामना करना पड़ रहा है। समय पर बारिश न होने से धान की रोपाई पिछड़ रही है, जिससे उत्पादन पर नकारात्मक असर पड़ने की आशंका है। मौसम के अनुसार बनाए बुवाई की योजना कृषि मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्रा ने रविवार 5 जुलाई 3:30 बजे बताया कि मौसम में जल्द बदलाव की संभावना है। उनके अनुसार, 7 जुलाई से मौसम का मिजाज बदलना शुरू होगा और 8 जुलाई से जिले में अच्छी बारिश होने के आसार हैं। उन्होंने किसानों को मौसम के पूर्वानुमान पर ध्यान देने और उसी के अनुरूप कृषि कार्यों की योजना बनाने की सलाह दी है। कुमारगंज स्थित कृषि विश्वविद्यालय की मौसम वेधशाला से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को जिले का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 28.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक है। अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 84 प्रतिशत और न्यूनतम 56 प्रतिशत दर्ज की गई। हवा की औसत गति 4.0 किलोमीटर प्रति घंटा रही, जो दक्षिण-पूर्वी दिशा से चली। इस दौरान कुमारगंज क्षेत्र में वर्षा शून्य मिलीमीटर दर्ज की गई। वर्षा शून्य मिलीमीटर दर्ज की गई मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 24 घंटों में पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में मध्यम बादल छाए रहने तथा कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की वर्षा होने की संभावना है। हालांकि, व्यापक और अच्छी बारिश की उम्मीद 8 जुलाई से जताई जा रही है। उमस और बिजली कटौती के कारण लोगों का दैनिक जीवन भी प्रभावित हो रहा है। अब जिलेवासियों और किसानों की निगाहें आगामी दिनों में होने वाली संभावित बारिश पर टिकी हुई हैं, ताकि उन्हें इस परेशानी से राहत मिल सके।
Source link
अयोध्या में उमस भरी गर्मी, धान रोपाई प्रभावित:8 जुलाई से बारिश के आसार, बिजली संकट भी बढ़ा