![]()
मिर्जापुर राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने एक अभियान के तहत 105 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये है। रविवार को इनमें से 55 मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए गए। शेष मोबाइल फोन भी सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित लोगों को वितरित किए जा रहे हैं। यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे प्रयागराज एन. कोलान्ची, पुलिस अधीक्षक रेलवे प्रयागराज प्रशांत वर्मा और पुलिस उपाधीक्षक रेलवे अरुण कुमार पाठक के निर्देशन में की गई। देखें, 3 तस्वीरें… थानाध्यक्ष राजेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में जीआरपी की क्विक रिस्पांस टीम और सर्विलांस टीम ने तकनीकी सहायता का उपयोग करते हुए विभिन्न तिथियों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों में इन 105 मोबाइल फोन को बरामद किया। बरामद किए गए सभी मोबाइलों का सत्यापन किया गया और उनके वास्तविक स्वामियों से संपर्क साधा गया। उन्हें थाना जीआरपी मिर्जापुर बुलाया गया, जहां रविवार को 55 लोगों को उनके मोबाइल फोन सामूहिक रूप से लौटाए गए। मोबाइल वापस मिलने पर स्वामियों ने जीआरपी की कार्यशैली की सराहना की और पुलिस अधिकारियों तथा टीम का आभार व्यक्त किया। इस अभियान में थानाध्यक्ष राजेश कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक रामसिंह यादव, उपनिरीक्षक सर्वेश कुमार विमल, प्रयागराज अनुभाग की सर्विलांस टीम, हेड कांस्टेबल अजय कुमार यादव, प्रभाकर यादव, कांस्टेबल राजकुमार यादव, मनोज कुमार और विशाल पटेल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
Source link
मिर्जापुर जीआरपी ने 105 गुम मोबाइल लौटाए:25 लाख रुपये के फोन स्वामियों को मिले