![]()
मुजफ्फरनगर के रतनपुरी थाना क्षेत्र के रियावली गांव में दहेज हत्या के आरोप में दफनाई गई एक महिला का शव प्रशासन की मौजूदगी में कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस दौरान बुढ़ाना एसडीएम कृष्णकांत विश्वकर्मा, क्षेत्राधिकारी गजेंद्र पाल सिंह, पुलिस बल और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। हुसैनाबाद भनवाड़ा निवासी फारुख ने रतनपुरी थाने में तहरीर दी थी, जिसमें उन्होंने अपनी बेटी फरीन की दहेज के लिए हत्या किए जाने का आरोप लगाया था। फारुख के अनुसार, फरीन का निकाह 11 मार्च 2023 को रियावली नंगला निवासी शाहिद के साथ हुआ था। शादी के बाद से पति शाहिद, सास सईदा और ससुर यामीन कथित तौर पर बोलेरो गाड़ी और 15 लाख रुपये की अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर फरीन को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। आरोप है कि 29 जून की रात तीनों आरोपियों ने मिलकर गर्भवती फरीन की हत्या कर दी और अगले दिन उसके शव को रियावली के कब्रिस्तान में दफना दिया। मृतका की बहन कौशर द्वारा मायके पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद पुलिस से शिकायत की गई। पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रशासन की अनुमति मिलने के बाद रविवार को एसडीएम कृष्णकांत विश्वकर्मा और क्षेत्राधिकारी गजेंद्र पाल सिंह की निगरानी में शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारण स्पष्ट होंगे और उसी के अनुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
दहेज हत्या आरोप: महिला का शव कब्र से निकाला:मुजफ्फरनगर में पति, सास-ससुर पर केस दर्ज, पोस्टमार्टम के लिए भेजा