सहारनपुर में पिकअप ने बाइक सवार को टक्कर मारी…मौत:सिर सड़क से टकराने पर मौके पर तोड़ा दम, बाग में मजदूरी करता था युवक


सहारनपुर के तीतरों थाना क्षेत्र में रविवार सुबह पिकअप और बाइक की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा इतना दर्दनाक था कि टक्कर लगते ही युवक सड़क पर जा गिरा और उसका सिर सड़क से टकरा गया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक पिकअप लेकर फरार हो गया। ग्रामीणों ने उसका पीछा भी किया, लेकिन वह हाथ नहीं आया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, गांव आसफगढ़ निवासी रवित पुत्र ऋषिपाल उर्फ डब्ल्यू (22) रविवार सुबह करीब आठ बजे बाइक से अपने गांव से तीतरों की ओर जा रहा था। जैसे ही वह पापड़ी गांव के पास आसफगढ़-पापड़ी पुलिया से आगे पहुंचा, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उसकी स्प्लेंडर प्लस बाइक (UP15K-1106) में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रवित उछलकर सड़क पर जा गिरा और उसका सिर सड़क से टकरा गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पिकअप चालक को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह वाहन समेत फरार हो गया। मृतक के भाई जितेंद्र कुमार ने बताया कि रवित चार भाइयों में चौथे नंबर का था। जितेंद्र के दो छोटे भाई गोवर्धन और सोनू हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है और सभी भाई अलग-अलग क्षेत्रों में बागों में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। रवित भी मजदूरी कर घर की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाता था। शनिवार को ही वह घर आया था और रविवार सुबह काम के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में हादसे का शिकार हो गया। पुलिस ने अज्ञात पिकअप चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार चालक और वाहन की तलाश की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *