![]()
मथुरा के हाईवे थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के एक 28 वर्षीय महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जांच में घरेलू कलह को आत्महत्या का कारण माना जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पालीडूंगरा निवासी लेखराज की बेटी पूजा (28) का विवाह बरसाना निवासी कन्हैया से हुआ था। शादी के बाद पति-पत्नी पालीडूंगरा में ही किराए के मकान में रह रहे थे। बताया जा रहा है कि शनिवार तड़के करीब तीन बजे पूजा ने अपने कमरे में पंखे के कुंडे से फंदा लगा लिया। सुबह लगभग छह बजे जब परिजन जागे, तो पूजा को फंदे पर लटका देख उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची हाईवे थाना पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ की। पुलिस घरेलू परिस्थितियों सहित सभी संभावित पहलुओं पर गौर कर रही है। फिलहाल, मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मृतका के मायके पक्ष को भी घटना की सूचना दे दी गई है। सीओ रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला घरेलू कलह से जुड़ा प्रतीत होता है। प्रारंभिक जांच में इसी कारण महिला द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस निष्पक्ष जांच का आश्वासन दे रही है।
Source link
मथुरा में महिला फंदे से झूली, मौत:घरेलू कलह के कारण जान दी, पुलिस जांच में जुटी