![]()
गोंडा जिले में उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP TET) का आज शनिवार को अंतिम दिन है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 18 परीक्षा केंद्रों पर पांचवीं पाली की परीक्षा आयोजित की गई। प्रथम पाली में 7640 परीक्षार्थियों ने भाग लिया है जिन्हें त्रिस्तरीय सघन चेकिंग के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति मिली। परीक्षा केंद्रों के बाहर परीक्षार्थियों की लंबी कतारें देखी गईं। पुरुष परीक्षार्थियों की जांच पुरुष कर्मचारियों, अध्यापकों और पुलिसकर्मियों द्वारा मेटल डिटेक्टर व अन्य तरीकों से की गई। वहीं, महिला परीक्षार्थियों की जांच महिला पुलिसकर्मियों और महिला कर्मचारियों द्वारा मेटल डिटेक्टर के माध्यम से की गई। बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही परीक्षार्थियों को अंदर जाने दिया गया। यह तीन दिवसीय परीक्षा आज प्रथम पाली के बाद गोंडा में संपन्न हो जाएगी। 2 और 3 जुलाई को एक-एक फर्जी अभ्यर्थी पकड़े जाने के बाद आज सभी परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन के साथ-साथ अन्य जांचों में और सख्ती बरती गई। परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र, आधार कार्ड, कुछ रुपए और पेन के अलावा कोई अन्य वस्तु ले जाने की अनुमति नहीं थी। सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है। गोंडा के अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि आज गोंडा में प्रथम पाली की आखिरी परीक्षा है। परीक्षार्थियों की सघन चेकिंग के बाद ही प्रवेश दिया गया। उन्होंने कहा कि हजारों की संख्या में कक्ष निरीक्षक, पुलिसकर्मी और अन्य कर्मचारी इस पूरी परीक्षा को संपन्न कराने में लगे हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. रामचंद्र ने बताया कि सभी जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा परीक्षा केंद्रों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षार्थियों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। 3 दिन के अंदर गोंडा में 39702 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी सभी परीक्षा केंद्र पर हमारे अतिरिक्त अधिकारी और कर्मचारी भी लगाए गए हैं।
Source link
गोंडा में UP TET परीक्षा का आज अंतिम दिन:थ्री लेयर चेकिंग के बाद परीक्षार्थियों को मिली एंट्री, दो दिन में दो फर्जी स्टूडेंट पकड़े गए