अयोध्या में वृद्ध महिला का नहर में मिला शव:बेटे ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी, कल से थी लापता


अयोध्या के मवई थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर 2 बजे सहायक नहर से वृद्ध महिला का शव बरामद हुआ। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकलवाकर उसकी पहचान नेवरा गांव के पूरे टिका पुरवा निवासी सुखराजी, पत्नी स्वर्गीय सीताराम, के रूप में की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, सुखराजी 2 जुलाई (गुरुवार) दोपहर घर से यह कहकर निकली थीं कि वह गांव के बाहर पकड़ के पेड़ के नीचे बैठने जा रही हैं। इसके बाद वह वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने देर शाम तक उनकी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे उनके पुत्र सुभाष यादव ने मवई थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस उनकी तलाश कर ही रही थी कि दोपहर बाद नरौली के पास शारदा सहायक नहर में एक वृद्ध महिला का शव दिखाई देने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया और उसकी पहचान सुखराजी के रूप में कराई। परिजनों के अनुसार, सुखराजी लंबे समय से बीमार थीं और उनका इलाज चल रहा था। उनके पुत्र महेश यादव ने बताया कि घर से नहर की दूरी करीब एक किलोमीटर है, ऐसे में वह वहां कैसे पहुंचीं, यह समझ से परे है। वहीं, पुत्र सुभाष यादव ने बताया कि उनकी मां की उम्र करीब 92 वर्ष थी और वह पिछले एक वर्ष से अधिक समय से अस्वस्थ थीं। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की मौत डूबने से प्रतीत होती है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *