ज्वैलर्स शॉप में दीवार काटकर लाखों की चोरी:सलवार-सूट पहने चोर सीसीटीवी में कैद, पुलिस ने डीवीआर कब्जे में लिया


फिरोजाबाद के टूंडला कस्बे में एक ज्वैलर्स की दुकान में लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए। चोरों ने दुकान की दीवार काटकर वारदात को अंजाम दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। यह घटना टूंडला क्षेत्र के महावीर वाटिका निवासी आकाश जूरैल की स्टेशन रोड स्थित श्रीजी ज्वैलर्स में देर रात हुई। शुक्रवार सुबह 11 बजे जब वह दुकान खोलने के लिए पहुंचे तब घटना की जानकारी हुई। चोरों ने दुकान के पीछे की दीवार काटकर प्रवेश किया। उन्होंने दुकान में रखी तिजोरी काटने का भी प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद चोर दुकान से करीब 5 किलो चांदी और लगभग 100 ग्राम सोने के आभूषण लेकर फरार हो गए। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोर की गतिविधियां कैद हो गई हैं। फुटेज में चोर सलवार-सूट और चुनरी ओढ़े हुए दिखाई दे रहा है, जिससे उसने अपनी पहचान छिपाने की कोशिश की। घटना की जानकारी मिलते ही थाना टूंडला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुकान का डीवीआर अपने कब्जे में लेकर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। इंस्पेक्टर बैजनाथ सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस की टीमें सक्रिय हैं और घटना का जल्द ही खुलासा किया जाएगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *