![]()
मथुरा में आगामी मुड़िया पूर्णिमा मेला-2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में गुरुवार शाम 7 बजे यह बैठक आयोजित की गई। गोवर्धन में 23 से 30 जुलाई तक आयोजित होने वाले इस मेले की व्यवस्थाएं 15 जुलाई तक पूरी करने के निर्देश सभी विभागों को दिए गए हैं। मेला क्षेत्र को 9 सुपर जोन, 21 जोन और 62 सेक्टर में बांटा गया है। सुरक्षा के लिए 6 स्थायी और 37 अस्थायी पुलिस चौकियां, 31 वॉच टावर, 150 बैरियर, 183 सीसीटीवी कैमरे और 350 पीए सिस्टम लगाए जाएंगे। पूरे क्षेत्र को रोशन करने के लिए 1281 एलईडी लाइटें, 14 सेमी मास्ट, एक हाई मास्ट और 212 सोलर लाइटें लगाई जाएंगी। श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए 5 खोया-पाया केंद्र, 140 हैंडपंप, 30 पानी के टैंकर, 17 आरओ प्लांट और 25 मोबाइल शौचालय उपलब्ध रहेंगे। इसके अतिरिक्त, 3 जनसुविधा केंद्र और 61 पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 22 चिकित्सा शिविर, 14 एंबुलेंस और 5 बाइक एंबुलेंस टीमें तैनात की जाएंगी। परिवहन के लिए 1100 रोडवेज बसें और आपातकालीन सेवाओं के लिए 19 अग्निशमन वाहन उपलब्ध रहेंगे। मानसी गंगा पर एसडीआरएफ टीम और विभिन्न स्थानों पर पीएसी भी तैनात की जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि पिछले वर्ष मेले में 1.5 करोड़ से अधिक श्रद्धालु आए थे। इस बार मेले को पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने गोवर्धन परिक्रमा मार्ग को अतिक्रमण मुक्त करने, वॉल पेंटिंग, तिरंगा लाइटिंग, फसाड लाइटिंग और सजावट से आकर्षक बनाने के निर्देश दिए। साथ ही, सभी विद्युत पोलों की प्लास्टिक रैपिंग, क्षतिग्रस्त पोलों को बदलने, ट्रांसफार्मरों की फेंसिंग और स्ट्रीट व सोलर लाइटों को दुरुस्त करने के आदेश भी दिए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने स्वास्थ्य विभाग को सभी चिकित्सा शिविरों पर चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने एंटी-वेनम दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने और सरकारी व निजी अस्पतालों की मैपिंग कराने पर भी जोर दिया। सीसीटीवी, पीए सिस्टम,पार्किंग व्यवस्था और डाइवर्जन प्लान के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Source link
मुड़िया पूर्णिमा मेला-2026 की तैयारियां तेज:15 जुलाई तक व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश, मेला 9 सुपर जोन में