![]()
सीतापुर के मछरेहटा थाना इलाके के कस्बे में मिश्रिख रोड स्थित प्रधान दवाखाना के पास गुरुवार शाम6 बजे हादसे में 16 साल की लड़की की मौत हो गई। उसकी मां गंभीर रूप से घायल है। तेज रफ्तार ट्रक सड़क के ऊपर लटक रहे बिजली के तारों में फंस गया था। इससे एक के बाद एक 5 बिजली के खंभे सड़क पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक (UP27 AT 1894) तेज गति से मिश्रिख रोड पर जा रहा था। इसी दौरान ट्रक ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों में उलझ गया। तारों पर जोर पड़ते ही 5 बिजली के खंभे भरभराकर सड़क पर गिर गए। उसी समय कस्बा निवासी राजू बहेलिया की 16 साल की बेटी सुभी अपनी मां सरोजनी (35) के साथ सड़क से गुजर रही थी। अचानक गिरा एक बिजली का खंभा सुभी के सिर पर आ गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उसकी मां सरोजनी गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल अस्पताल भेजा। पुलिस ने किशोरी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर बिजली के तार लंबे समय से नीचे लटक रहे थे और पहले भी कई बार भारी वाहनों के तारों में फंसने से खंभे गिर चुके हैं। इसके बावजूद विभाग ने समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया। ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, जिम्मेदारी तय करने तथा पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रभारी निरीक्षक प्रभात कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर ट्रक को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।
Source link
सीतापुर में बिजली का खंभा गिरने से लड़की की मौत:हादसे में मां गंभीर घायल, ट्रक में फंसने से एक के बाद एक 5 पोल गिरे