![]()
हाथरस के सादाबाद से 16 वर्षीय युवक 3 महीने से लापता है। शुक्रवार को उसके परिजन वृंदावन पहुंचे। उन्होंने केली कुंज आश्रम के बाहर धरना शुरू कर दिया। परिजन युवक को वापस करने की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि अनुज ने करीब 3 महीने पहले आश्रम में दीक्षा ली थी। इसके बाद से वह घर वापस नहीं लौटा। युवक का नाम अनुज चौधरी है। वह बारामई खेड़ा गांव का रहने वाला है। उसके पिता का नाम राजवीर सिंह है। धरने पर अनुज के पिता राजवीर सिंह, मां, दादी, चार बहनें, चाचा और गांव के अन्य लोग बैठे। परिजनों ने कहा कि जब तक अनुज नहीं मिलता, वे आश्रम के बाहर से नहीं हटेंगे। ननिहाल से वृंदावन आने लगा था अनुज अनुज के पिता राजवीर सिंह ने बताया कि उनका बेटा अपनी ननिहाल वृंदावन के पास पानीगांव आता-जाता था। इसी दौरान वह संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए केली कुंज आश्रम जाने लगा। परिवार का आरोप है कि इसी बीच उसने दीक्षा लेने का मन बनाया और करीब 3 महीने पहले मां को बहला-फुसलाकर दीक्षा ले ली। अनुज की दादी मुन्नी ने बताया कि करीब 3 महीने पहले 25 तारीख को अनुज ने दीक्षा ली थी। इसके बाद 3 तारीख को वह यह कहकर घर से निकला था कि महाराज जी के दर्शन करने जा रहा है। वह केली कुंज आया, लेकिन इसके बाद वापस घर नहीं लौटा। आश्रम के बाहर पुलिस पहुंची आश्रम के बाहर परिजनों के धरने की सूचना पर वृंदावन पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ वृंदावन संदीप सिंह और कोतवाली प्रभारी अश्वनी कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस टीम आश्रम के अंदर गई और अनुज के बारे में जानकारी जुटाई। आश्रम प्रबंधन बोला- अनुज यहां नहीं है पुलिस के साथ आश्रम का एक साधक भी बाहर आया। उसने परिजनों को बताया कि आश्रम के सेवादारों के ग्रुप में अनुज की फोटो भेजी गई है। साधक ने कहा कि गुरु पूर्णिमा के दौरान हजारों शिष्य आश्रम आए थे। उस समय भी अनुज को लेकर जानकारी जुटाई गई, लेकिन उसका पता नहीं चला। साधक ने कहा कि आश्रम प्रबंधन परिवार की हर संभव मदद करने के लिए तैयार है। हालांकि, परिजन इस जवाब से संतुष्ट नहीं हुए। सादाबाद में पहले से दर्ज है मुकदमा सीओ वृंदावन संदीप सिंह ने बताया कि अनुज के लापता होने के संबंध में सादाबाद में मुकदमा दर्ज है। आश्रम में दीक्षा से जुड़े रिकॉर्ड भी चेक किए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों का आरोप है कि इतने दिनों से आश्रम का कोई व्यक्ति उनसे सीधे बात करने को तैयार नहीं था और उन्हें अनुज के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही थी।
Source link
3 महीने से लापता युवक के परिजन वृंदावन पहुंचे:केली कुंज आश्रम के बाहर धरने पर बैठे; बोले- दीक्षा लेने के बाद से नहीं लौटा