![]()
प्रयागराज के यमुना बैंक रोड स्थित कालीघाट के समीप निर्माणाधीन प्रेरणा पार्क का गुरुवार को महापौर गणेश केसरवानी और नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों को 6 जुलाई तक निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान महापौर और नगर आयुक्त ने प्रतिमाओं के स्थापना स्थल, सौंदर्यीकरण, पाथवे, प्रकाश व्यवस्था और हरियाली सहित अन्य विकास कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। नगर निगम द्वारा यमुना बैंक रोड स्थित बोर्ड क्लब परिसर में भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई और विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल की प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं। इन तीनों विभूतियों की प्रतिमाओं को एक प्रेरणा स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। आगामी 6 जुलाई 2026 को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर इन प्रतिमाओं के अनावरण का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसी को ध्यान में रखते हुए महापौर गणेश केसरवानी और नगर आयुक्त सीलम साईं तेजा ने अधिकारियों को सभी निर्माण, सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था और पथ निर्माण सहित अन्य आवश्यक कार्य निर्धारित समय से पहले पूरे करने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि यह प्रेरणा स्थल केवल प्रतिमाओं का परिसर नहीं होगा, बल्कि राष्ट्रसेवा, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बनेगा। नगर आयुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध तरीके से निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगर निगम के विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
Source link
प्रयागराज प्रेरणा पार्क का निरीक्षण, 6 जुलाई तक कार्य पूरा:महापौर-नगर आयुक्त ने दिए निर्देश, गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा