दूल्हा हत्याकांड, एक लाख के इनामी भोले ने किया सरेंडर:जौनपुर पुलिस को चकमा देकर कोर्ट पहुंचा, 14 दिन की कस्टडी में भेजा गया


जौनपुर जिले में दूल्हा हत्याकांड के मुख्य आरोपी भोले राजभर ने बुधवार को न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था और वह लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस को चकमा देकर भोले राजभर ने दीवानी न्यायालय स्थित एसीजेएम द्वितीय की अदालत में अपने वकील के साथ आत्मसमर्पण कर दिया। सुनवाई के बाद कोर्ट ने आरोपी को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। गौरतलब है कि बीते 1 मई को बारात लेकर जा रहे दूल्हे आजाद बिंद की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी भोले राजभर समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की थी। वकील बोले- भोले की संलिप्तता संदिग्ध भोले राजभर के अधिवक्ता उपेंद्र विक्रम सिंह ने बताया- उन्होंने न्यायालय का सम्मान करते हुए आत्मसमर्पण किया है और अब वे हाईकोर्ट में जमानत याचिका दायर करेंगे। अधिवक्ता के अनुसार, पूर्व में हाईकोर्ट का आदेश था कि 60 दिनों तक गिरफ्तारी नहीं हो सकती थी, जिसके बाद एक लाख का इनाम घोषित किया गया था। इस मामले में भोले की संलिप्तता संदिग्ध रही है और वह परिवार से दूर रहकर मानसिक तनाव में थे। इलाहाबाद हाईकोर्ट FIR रद्द करने से किया था इंकार
अदालत ने हत्या के एक मुकदमे में उसकी गिरफ्तारी पर 60 दिनों के लिए रोक लगा दी थी। हालांकि, हाईकोर्ट ने उसके खिलाफ दर्ज एफआईआर रद्द करने से इनकार कर दिया और उसे इस अवधि के भीतर निचली अदालत में आत्मसमर्पण कर जमानत अर्जी दाखिल करने का निर्देश दिया था यह मामला खेतासराय थाने में दर्ज आजाद बिन्द दूल्हा हत्याकांड से संबंधित है। भोले राजभर ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर 2 मई को दर्ज एफआईआर को रद्द करने और अपनी गिरफ्तारी पर रोक लगाने की मांग की थी। उसने खुद को बेगुनाह बताते हुए दावा किया था कि उसे इस मामले में झूठा फंसाया गया है। न्यायमूर्ति सिद्धार्थ और न्यायमूर्ति विवेक सारण की खंडपीठ ने इस मामले में दोनों पक्षों की दलीलें सुनीं। अदालत ने एफआईआर रद्द करने की राजभर की मांग को खारिज कर दिया। खंडपीठ ने टिप्पणी की कि प्रथम दृष्टया यह मामला एफआईआर निरस्त करने योग्य नहीं है। हालांकि, याचिकाकर्ता के अनुरोध पर उसे निचली अदालत में पेश होकर जमानत के लिए आवेदन करने का अवसर प्रदान किया गया। हाईकोर्ट ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि यदि भोले राजभर पहले से गिरफ्तार नहीं है, तो अगले 60 दिनों तक उसे इस मामले में गिरफ्तार नहीं किया जाएगा। इस अवधि के दौरान उसे संबंधित निचली अदालत में आत्मसमर्पण करना होगा। अदालत ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय-सीमा के भीतर आरोपी अदालत में पेश नहीं होता है, तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *