![]()
मथुरा में संचारी रोगों की रोकथाम और जन जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बुधवार दोपहर 12 बजे विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. राधा वल्लभ ने सीएमओ कार्यालय से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान 31 जुलाई तक चलेगा। रैली सीएमओ कार्यालय से शुरू होकर राजीव भवन, पोस्ट ऑफिस, कलेक्ट्रेट, सिविल लाइंस और तहसील होते हुए वापस सीएमओ कार्यालय पहुंची। अभियान के समापन पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने संचारी रोगों की रोकथाम के लिए शपथ भी ली। एंटी लार्वा छिड़काव और घर-घर संपर्क अभियान चलेगा सीएमओ डॉ. राधा वल्लभ ने बताया कि जनपद में 1 से 31 जुलाई तक विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही, 11 से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान भी चलेगा। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग अन्य विभागों के सहयोग से व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम, साफ-सफाई, एंटी लार्वा छिड़काव और घर-घर संपर्क अभियान चलाएगा। वेक्टर बॉर्न डिजीज के नोडल अधिकारी डॉ. अनुज चौधरी ने जानकारी दी कि मच्छर जनित रोगों की रोकथाम के लिए नगर निगम के सहयोग से संवेदनशील क्षेत्रों में एंटी लार्वा का छिड़काव किया जाएगा। नगरीय मलेरिया अधिकारी डॉ. गोपाल गर्ग ने बताया कि दस्तक अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों को डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया सहित अन्य संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी देंगी। संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पानी के बर्तन, ड्रम और टंकियों को ढककर रखें, घर और आसपास जलभराव न होने दें, पूरी बाजू के कपड़े पहनें, मच्छरदानी और मच्छररोधी क्रीम का प्रयोग करें। साथ ही, बुखार आने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराकर चिकित्सकीय सलाह लें। इस जागरूकता रैली में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, प्रशिक्षु एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, नगर निगम कर्मचारियों और मलेरिया विभाग के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान का मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है।
Source link
मथुरा में संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू:जागरूकता रैली के साथ 31 जुलाई तक चलेगा अभियान