![]()
मऊ जिले के घोसी कोतवाली क्षेत्र में मिले सिर कटी लाश की पहचान हो गई है। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे जमालपुर मिर्जापुर नवापुरा गांव में फोरलेन किनारे एक नाले से यह शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान मुहम्मदाबाद गोहना थाना क्षेत्र के सदोपुर निवासी सुभाष बांसफोर के रूप में हुई है। घटनास्थल से लगभग 100 मीटर दूर खेत में मृतक का सिर भी मिला था। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत होता है। शव मिलने के बाद पुलिस ने पहचान और साक्ष्य जुटाने के प्रयास किए, जिसके बाद मृतक की शिनाख्त संभव हो पाई। परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि 30 जून को घोसी कोतवाली क्षेत्र में एक सिर कटी लाश मिली थी, जिसका सिर भी घटनास्थल के पास से बरामद हुआ था। जांच के दौरान मृतक की पहचान सुभाष बांसफोर के रूप में हुई, जो मुहम्मदाबाद गोहना थाना क्षेत्र के सदोपुर गांव के निवासी थे। अपर पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही इस घटना का खुलासा किया जाएगा। पुलिस के अनुसार, सुभाष बांसफोर 27 जून को अपने घर से निकले थे। उन्हें कब और किन परिस्थितियों में आरोपियों ने अपने साथ ले जाकर हत्या की, इसका खुलासा आरोपियों की गिरफ्तारी और उनसे पूछताछ के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है।
Source link
मऊ में सिर कटी लाश की पहचान हुई:हत्या कर फेंका गया था शव, आरोपियों की तलाश जारी