![]()
फिरोजाबाद के थाना फरिहा क्षेत्र के ईटोली गांव में बच्चे की पिटाई की शिकायत करने पर एक परिवार पर हमला किया गया। आरोप है कि शिकायत से नाराज होकर दबंगों ने घर में घुसकर लाठी-डंडों और बेसबॉल के डंडों से हमला किया। इस हमले में दो महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वायरल वीडियो में मारपीट का लाइव दृश्य कैद है। हमले के दौरान एक युवक को छत से नीचे फेंक दिया गया। इस घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित परिवार के अनुसार, कुछ दिन पहले एक बच्चे के साथ मारपीट हुई थी, जिसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई थी। इसी रंजिश के चलते बुधवार सुबह आरोपी एकजुट होकर पीड़ित के घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। मारपीट में लोकेश, संगीता देवी, लायक सिंह, मुन्नी देवी और मोहित सहित कुल छह लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पीड़ित पक्ष ने सुखबीर, पंची, गोबिंद, शिवम, राहुल, गौतम और हरविलास सहित अन्य लोगों पर हमला करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर थाना फरिहा पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने वायरल वीडियो को भी जांच में शामिल कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान और साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस क्षेत्र में निगरानी कर रही है।
Source link
बच्चे की पिटाई की शिकायत पर हमला, VIDEO:फिरोजाबाद में दबंगों ने घर में घुसकर परिवार को पीटा, 6 घायल