ऑनलाइन बुक कर ड्राइवर से अर्टिगा कार लूटी थी:मथुरा पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली


मथुरा पुलिस ने ऑनलाइन बुकिंग के बहाने अर्टिगा कार लूटने वाले दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। 27 जून की रात करीब 11 बजे हुई इस वारदात में बदमाशों ने चालक पवन पर प्लास से हमला कर उसे घायल कर दिया था और अर्टिगा कार लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे को मौके से दबोच लिया गया। थाना मांट पुलिस को बीती रात करीब 12:30 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि लूट के वांछित आरोपी यमुना एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड से कूपगढ़ की ओर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने राधारानी अंडरपास के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी करन पुत्र दीपक निवासी हरनौल, थाना सुरीर (हाल निवासी वृंदावन) के बाएं पैर में गोली लगी। उसके साथी अवनेश पुत्र बबलू निवासी नगला मुरारी उर्फ बावन, थाना बन्नादेवी, अलीगढ़ को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से लूटी गई अर्टिगा कार (HR 58 D 9507), दो अवैध तमंचे (315 बोर), पांच जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल करन को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी मांट ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। करन के खिलाफ चोरी, आर्म्स एक्ट सहित आठ गंभीर मामले दर्ज हैं। अवनेश पर अलीगढ़ में अपहरण, पॉक्सो, चोरी और गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस दोनों के अन्य आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *