![]()
सीतापुर के वसकरन थाना क्षेत्र के अदवारी गांव में मंगलवार देर रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए करीब 1 लाख 20 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। पीड़िता ने गांव के ही एक व्यक्ति को पहचानने का दावा करते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पीड़िता साबित्री पत्नी मनोज चौहान के अनुसार, मंगलवार रात करीब साढ़े 12 बजे उन्हें घर में आहट सुनाई दी। नींद खुलने पर उन्होंने देखा कि तीन चोर घर के अंदर मौजूद थे। उन्होंने आरोप लगाया कि चोरों में से एक गांव का अक्षेलाल था, जिसे उन्होंने पहचान लिया। साबित्री ने शोर मचाते हुए आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान कथित आरोपी की शर्ट फट गई और उसका एक हिस्सा उनके हाथ में रह गया। शोर सुनकर अन्य लोग जागने लगे तो तीनों चोर एक बक्सा मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पीड़िता ने बताया कि चोर घर से हार, झाला, मांगबेंदी, कमर बिछुआ, पायल सहित पांच सोने-चांदी के जेवर और 1 लाख 20 हजार रुपये नकद ले गए। उन्होंने बताया कि करीब एक महीने पहले ही उनके बेटे की शादी हुई थी। शादी में हुए कर्ज को चुकाने के लिए उन्होंने एक दिन पहले ही सेमल के पेड़ बेचे थे, जिससे उन्हें 1 लाख 25 हजार रुपये मिले थे। इनमें से 5 हजार रुपये खर्च हो गए थे, जबकि शेष 1.20 लाख रुपये घर में रखे थे, जिन्हें चोर उठा ले गए। घटना के समय उनके पति मनोज चौहान मजदूरी के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। सूचना पर सकरन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है, हालांकि अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Source link
दीवार फांदकर घर में घुसा चोर गांव का ही निकला:सीतापुर में 1.20 लाख नकद और लाखों के जेवर चोरी, महिला ने की पहचान