फर्रुखाबाद में रोडवेज बस में महिला के जेवर-नकदी चोरी:बस अड्डे पर पहचानकर चोर को दबोचा, पुलिस के हवाले किया


फर्रुखाबाद में रोडवेज बस से एक महिला के बैग से करीब एक लाख रुपये के सोने के जेवर और 25 हजार रुपये नकद चोरी हो गए। शमसाबाद के कलुआपुर निवासी उमा देवी सोमवार को हरदोई के सवायजपुर स्थित अपने मायके जा रही थीं। बस अड्डे पर एक युवक ने मदद के बहाने उनका ट्रॉली बैग बस की पिछली सीट पर रखवा दिया, जबकि महिला अपने बेटे प्रांशु के साथ आगे बैठ गईं। आरोपी कादरीगेट चौराहे पर बस से उतर गया। सवायजपुर पहुंचने पर उमा देवी ने देखा कि उनके ट्रॉली बैग का ताला टूटा हुआ था। बैग से सोने के दो पेंडल, एक जोड़ी कुंडल, एक फूल और 25 हजार रुपये नकद गायब थे। चोरी गए सामान की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है। बस अड्डे पर दोबारा दिखा आरोपी मंगलवार को उमा देवी अपने परिजनों के साथ रोडवेज बस स्टैंड पहुंचीं। वहां उन्होंने उसी युवक को पहले सफेद टी-शर्ट और बाद में काली शर्ट पहनकर अन्य महिलाओं की मदद करने का नाटक करते देखा। महिला और उनके बेटे प्रांशु ने उसे पहचान लिया और पीछा कर पकड़ लिया। पुलिस को सौंपा, साथी का भी नाम बताया पकड़े गए युवक को चौकी पुलिस के हवाले कर दिया गया। आरोपी कायमगंज के ब्रह्मपुरी का निवासी बताया गया है। पूछताछ में उसने अपने एक साथी का नाम भी पुलिस को बताया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी कपिल कुमार ने बताया कि आरोपी को पकड़ लिया गया है, चोरी का माल बरामद कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *