![]()
मऊ के दक्षिणटोला थाना क्षेत्र के दोमनपुरा इस्लामाबाद मोहल्ले में शादी के घर टेंट लगाते समय हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आकर तीन युवकों की मौत के बाद बुधवार देर रात ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री एके शर्मा पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और तीनों परिवारों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक दिए। 28 सितंबर की शाम हुई घटना में दूल्हे बरकतुल्ला के छोटे भाई महमूद उर्फ मोहम्मद कामिल समेत टेंट लगाने वाले कामिल और इरफान की मौत हुई थी। हादसे के बाद अब बिजली लाइन की सुरक्षा को लेकर भी कदम उठाने की बात कही गई है। लोहे का खंभा बिजली लाइन से टकराया शादी समारोह के लिए टेंट लगाया जा रहा था। इसी दौरान लोहे का खंभा लगाते समय वह अनियंत्रित होकर पास से गुजर रही विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। करंट की चपेट में आने से महमूद उर्फ मोहम्मद कामिल (18), टेंट कर्मचारी कामिल (25) और इरफान (28) की मौत हो गई थी।
मंत्री बोले- सामान्य नियम में मदद नहीं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने बिजली विभाग और जिला प्रशासन से पूरे मामले की जानकारी ली थी। अधिकारियों को पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद के निर्देश दिए गए थे। उन्होंने कहा कि सामान्य नियमों के तहत ऐसी परिस्थितियों में सहायता का प्रावधान नहीं है, लेकिन विशेष परिस्थिति को देखते हुए सरकार ने तीनों परिवारों को एक-एक लाख रुपये की सहायता दी है। पक्का मकान नहीं तो आवास, बेटियों की शादी में भी मदद मंत्री ने कहा कि जिन परिवारों के पास पक्का मकान नहीं है, उन्हें पात्रता के आधार पर प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाया जाएगा। दो परिवारों में शादी योग्य बेटियां होने की जानकारी मिलने पर सामूहिक विवाह योजना के तहत मदद का भरोसा दिया। पात्र परिवारों को आयुष्मान कार्ड, विधवा पेंशन समेत अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की भी बात कही। 11 केवी लाइन के आसपास लगेगी सुरक्षा जाली मंत्री ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए 11 केवी लाइन के आसपास सुरक्षा जाली लगाने का काम शुरू कराया जाएगा। इसके लिए सामान आ चुका है और जल्द लाइन की गार्डिंग की जाएगी। स्थानीय लोगों के सुझाव पर जहां संभव होगा, वहां बिजली तारों की केबलिंग कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। जरूरत के अनुसार लाइन को भूमिगत करने की संभावना भी देखी जाएगी। इस दौरान मऊ नगर पालिका अध्यक्ष अरशद जमाल समेत बिजली विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।
Source link
मऊ टेंट लगाते समय करंट से तीन मौतें:ऊर्जा मंत्री ने परिवारों को 1-1 लाख के चेक दिए, 11 KV लाइन पर जाली लगाने के निर्देश