रोहित सिंह | सिद्धार्थनगर5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

सिद्धार्थनगर में उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 को सफलतापूर्वक, पारदर्शी और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस संबंध में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने की, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन भी उपस्थित रहे। इसमें केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेटों और पुलिस अधिकारियों को परीक्षा संचालन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए कि आयोग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने विशेष रूप से सीसीटीवी कैमरे, जैमर, बायोमेट्रिक सत्यापन और वीडियोग्राफी की व्यवस्था को अनिवार्य रूप से सक्रिय रखने पर जोर दिया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों पर किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बैठक में कहा कि जनपद में शिक्षक पात्रता परीक्षा का शांतिपूर्ण और व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जाना है। इसके लिए सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेटों को नियमित रूप से परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने और व्यवस्थाओं की निगरानी करने का निर्देश दिया। किसी भी समस्या की सूचना तत्काल उपलब्ध कराने को भी कहा गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा।
प्रश्नपत्रों और अन्य गोपनीय सामग्री की सुरक्षा के लिए बनाए गए स्ट्रांग रूम की चौबीस घंटे निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों को परीक्षा अवधि के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में बताया गया कि जनपद में यूपीटीईटी-2026 के लिए कुल नौ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा 2 एवं 3 जुलाई को दो-दो पालियों में तथा 4 जुलाई को प्रथम पाली में आयोजित की जाएगी। जनपद में कुल 16,240 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों के आगमन को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गौरव श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार, उपजिलाधिकारी नौगढ़ राहुल सिंह, उपजिलाधिकारी बांसी शशांक शेखर राय, उपजिलाधिकारी शोहरतगढ़ करमेन्द्र, वरिष्ठ कोषाधिकारी रमेन्द्र कुमार मौर्य, जिला विद्यालय निरीक्षक अरुण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी देवेन्द्र प्रताप सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
