ललितपुर में ट्रैक्टर ट्रॉली पलटी, एक महिला की मौत:करीला धाम से लौट रहे 16 लोग घायल, तीन बच्चे भी शामिल


ललितपुर में सोमवार देर रात एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से एक महिला की मौत हो गई। इस हादसे में तीन बच्चों सहित 16 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को ललितपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। यह हादसा ललितपुर-जाखलौन मार्ग पर ग्राम ऐरा के पास हुआ। ट्रैक्टर-ट्रॉली में 20 से अधिक लोग सवार थे, जो मध्य प्रदेश के अशोक नगर स्थित करीला धाम से भंडारा करके अपने घर लौट रहे थे। महरौनी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भौंरदा निवासी लाखन सिंह ने करीला धाम में भंडारे का आयोजन किया था। वह अपने रिश्तेदारों, परिजनों और गांव के लोगों के साथ रविवार को ट्रैक्टर-ट्रॉली से करीला धाम गए थे। सोमवार को भंडारा संपन्न होने के बाद वे शाम करीब 6:30 बजे वापस गांव के लिए निकले थे। रात लगभग 2 बजे जब वे ग्राम ऐरा के पास पहुंचे, तो अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क पर पलट गई। ट्रॉली में सवार सभी लोग उसके नीचे दब गए। ग्रामीणों को सूचना मिलने पर वे मौके पर पहुंचे और दबे हुए लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। चिकित्सकों ने भौंरदा निवासी 35 वर्षीय बेबीराजा पत्नी सुरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। घायलों में भौंरदा निवासी अंश (13), आरिफ (11), नवाजिश (12), टिंकू राजा (24), लवकुश (18), बड़ी दुलरिया (50), मझली बहू (54), आराध्या (8), वाहिद (26), काशीराम (55) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, मास्टर कॉलोनी महरौनी निवासी सरोज राजा (45), वीरपाल (22), सतरवांस निवासी पुष्पा राजा (60), पाली निवासी अंजली राजा (26) और पूजा राजा भी घायल हुए हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *