![]()
मऊ जनपद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक अभियान की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय अंतरविभागीय समन्वय समिति द्वारा बुलाई गई थी। प्रभारी जिलाधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने इसकी अध्यक्षता की। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.के. यादव ने अभियान की तैयारियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि संचारी रोग नियंत्रण और दस्तक अभियान के सफल संचालन के लिए एक माइक्रो प्लान तैयार कर लिया गया है। सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को उनके दायित्वों से अवगत करा दिया गया है। प्रभारी जिलाधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान को पूर्ण जिम्मेदारी, समन्वय और प्रतिबद्धता के साथ संचालित किया जाए। प्रत्येक विभाग अपनी निर्धारित जिम्मेदारियों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्वहन सुनिश्चित करे, ताकि जनपद में संचारी एवं वेक्टर जनित रोगों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। जिलाधिकारी ने व्यापक जनजागरूकता फैलाने, स्वच्छता अभियान चलाने और जलभराव की रोकथाम पर जोर दिया। उन्होंने मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ शासन की मंशा के अनुरूप अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
बैठक के अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज राय, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी आर.एन. सिंह, प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सी.पी. आर्या, जिला कार्यक्रम अधिकारी रंजीत कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी कुमार अमरेंद्र, जिला कृषि अधिकारी सोमप्रकाश गुप्ता सहित स्वास्थ्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Source link
मऊ में 1 जुलाई से संचारी रोग नियंत्रण अभियान:11 जुलाई से दस्तक अभियान, रोकथाम पर समीक्षा बैठक हुई