बदायूं में ज्येष्ठ पूर्णिमा पर गंगा घाटों पर भीड़:सुबह 4 बजे से शुरू हुआ स्नान, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम


ज्येष्ठ पूर्णिमा के अवसर पर सोमवार तड़के चार बजे से ही बदायूं के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई। कछला गंगाघाट और अटैना घाट पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। इस दौरान ‘हर-हर गंगे’ के जयघोष से गंगा तट गूंज उठे। स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए हैं। कछला गंगाघाट सहित अन्य प्रमुख स्नान स्थलों पर पुलिस बल, फ्लड पीएसी, गोताखोर और राहत दल तैनात किए गए हैं। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए घाटों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
ज्येष्ठ पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। बरेली-मथुरा हाईवे पर रविवार रात आठ बजे से रूट डायवर्जन लागू किया गया। भारी वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करते हुए यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस अफसरों ने घाटों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने श्रद्धालुओं से निर्धारित स्थानों पर ही स्नान करने और गहरे पानी में जाने से बचने की अपील की है। घाटों पर तैनात सुरक्षाकर्मी लगातार लोगों को सावधानी बरतने के लिए जागरूक कर रहे हैं।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *