![]()
मुजफ्फरनगर के थाना तितावी क्षेत्र के एक गांव में देर रात एक नाबालिग लड़की के घर में युवक के घुसने के आरोप के बाद हड़कंप मच गया। आरोप है कि दूसरे समुदाय का एक युवक रात के अंधेरे में घर में घुसा और नाबालिग लड़की को पकड़ने का प्रयास किया। लड़की की मां ने विरोध किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। शोर-शराबा होने पर मां-बेटी ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई। आरोप है कि बाद में आरोपी पक्ष के कुछ लोग मौके पर पहुंचे और आरोपी को छुड़ाने का प्रयास किया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर थाना तितावी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
इस घटना को लेकर बघरा योग आश्रम के पीठाधीश्वर स्वामी यशवीर महाराज ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने स्वयं पुलिस अधिकारियों को सूचना देकर मौके पर पुलिस भिजवाई। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज करने और घटना में शामिल अन्य लोगों पर भी सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्वामी यशवीर महाराज का आरोप है कि संबंधित युवक पहले भी कई बार इस परिवार के घर के आसपास देखा गया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद कुछ लोगों ने परिवार को धमकाने का प्रयास किया।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पीड़ित परिवार की तहरीर और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Source link
रात के अंधेरे में घर में घुसकर किशोरी से छेड़छाड़:मां-बेटी ने आरोपी को पकड़कर पीटा, सूचना पर पहुंची पुलिस ने हिरासत में लिया