![]()
फर्रुखाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के गांव मंझना स्थित शमसाबाद रेलवे स्टेशन के पास मंगलवार को कासगंज जा रही ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद उसे उपचार के लिए नवाबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसा रेलवे के पोल नंबर 154/11 और 154/10 के पास हुआ। बताया गया कि युवक ट्रेन की चपेट में आने के बाद रेलवे ट्रैक के पास गिर गया। सूचना मिलने पर मेड सुरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और स्टेशन मास्टर श्याम सिंह को जानकारी दी। स्टेशन मास्टर ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना पर एंबुलेंस के ईएमटी रजनीश कुमार और पायलट भंवर सिंह मौके पर पहुंचे और घायल युवक को नवाबगंज सीएचसी लेकर आए। यहां मौजूद चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान नवाबगंज नगर के मोहल्ला नया गनीपुर निवासी रोहित यादव (लगभग उम्र) पुत्र सूरज यादव के रूप में हुई। रोहित ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां रेखा देवी और भाई शिवम, अनीश व अवनीश का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। वहीं जानकारी मिलने पर जिला पंचायत सदस्य यशवीर सिंह आर्य भी नवाबगंज सीएचसी पहुंचे और मृतक के परिजनों से घटना की जानकारी ली। थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Source link
ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत:फर्रुखाबाद में घायल होने पर सीएचसी पहुंचाया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया