'राम मंदिर चंदा चोरी करने वालों को मिलेगी सजा':कांग्रेस सचिव ने निष्पक्ष चुनाव, नीट अभ्यर्थियों की मौत पर सरकार को घेरा


सीतापुर में रविवार दोपहर करीब 2 बजे कांग्रेस के कार्यक्रम में पहुंचीं कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव डॉ. सुधा प्रसाद ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। कार्यक्रम का आयोजन कांग्रेस सांसद राकेश राठौर द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान डॉ. सुधा प्रसाद ने महिला आरक्षण बिल को शीघ्र लागू करने की मांग करते हुए कहा कि महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी में वास्तविक अधिकार देने के लिए सरकार को अब और देरी नहीं करनी चाहिए। मीडिया से बातचीत डॉ. सुधा प्रसाद ने कहा कि देश में निष्पक्ष चुनाव और नकलविहीन परीक्षाएं कराने में भाजपा सरकार पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था और लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर गंभीर नहीं है। नीट अभ्यर्थियों की मौत का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि 14 नीट अभ्यर्थियों की मौत बेहद दुखद और चिंताजनक है, लेकिन इस मामले में प्रधानमंत्री की चुप्पी कई सवाल खड़े करती है। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों पर सरकार को संवेदनशीलता के साथ जवाब देना चाहिए और शिक्षामंत्री को इस्तीफा दें देना चाहिए। डॉ. सुधा प्रसाद ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे का भी जिक्र करते हुए चंपत राय पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दान का पैसा लेकर चंपत राय चंपत हो गए। उन्होंने कहा कि चंदे में गड़बड़ी करने वालों को भगवान राम स्वयं सजा देंगे और जनता भी ऐसे लोगों को कभी माफ नहीं करेगी। कार्यक्रम के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने महिला आरक्षण बिल लागू करने की मांग का समर्थन करते हुए कांग्रेस नेतृत्व के पक्ष में नारेबाजी भी की। कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। वहीं डॉ. सुधा प्रसाद के बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *