कानपुर मेट्रो के नौबस्ता कॉरिडोर का फाइनल टेस्ट शुरू:दूसरे दिन CMRS टीम ने स्टेशनों का किया निरीक्षण; जुलाई में मिल सकती है नई सेवा की सौगात


कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो सेवा शुरू होने की उल्टी गिनती अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। पहले कॉरिडोर के अंतिम हिस्से को यात्री सेवाओं के लिए हरी झंडी देने से पहले मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त (CMRS) नीलाभ्र सेनगुप्ता की पांच सदस्यीय टीम रविवार को दूसरे दिन भी सघन निरीक्षण में जुटी रही। टीम ने नौबस्ता स्टेशन से जांच शुरू करते हुए पूरे नए सेक्शन के स्टेशनों, ट्रैक और तकनीकी प्रणालियों का बारीकी से परीक्षण किया। शाम को पूरे कॉरिडोर पर हाई-स्पीड ट्रायल भी किया जाएगा, जिसके आधार पर सुरक्षा संबंधी अंतिम रिपोर्ट तैयार होगी। तीन दिवसीय निरीक्षण पूरा होने के बाद जुलाई के पहले सप्ताह में सीएमआरएस की अंतिम मंजूरी मिलने की उम्मीद है। मंजूरी मिलते ही उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक यात्री सेवाएं शुरू करने की तैयारी पूरी कर लेगा। इसके बाद यात्रियों को आईआईटी से नौबस्ता तक बिना जाम के लगभग 40 मिनट में सफर करने की सुविधा मिल सकेगी। सात नए स्टेशनों की सुरक्षा और सुविधाओं का हो रहा परीक्षण सीएमआरएस की टीम ने नौबस्ता से लेकर कानपुर सेंट्रल तक बनने वाले सात नए स्टेशनों—नौबस्ता, झकरकटी, ट्रांसपोर्ट नगर, बारादेवी, किदवई नगर, वसंत विहार और बौद्ध नगर—का निरीक्षण किया। इस दौरान यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था, एंट्री-एग्जिट पॉइंट, लिफ्ट, एस्केलेटर, अग्निशमन प्रणाली और अन्य यात्री सुविधाओं की लाइव जांच की गई। साथ ही ट्रैक, पिलर और सिविल स्ट्रक्चर की मजबूती का भी परीक्षण किया गया। हाई-स्पीड ट्रायल में परखी जाएगी पूरी तकनीकी व्यवस्था दिनभर के निरीक्षण के बाद शाम को पूरे कॉरिडोर पर मेट्रो ट्रेन का हाई-स्पीड ट्रायल होगा। इस दौरान ट्रेन को निर्धारित अधिकतम गति से चलाकर ट्रैक, ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन (OHE), सिग्नलिंग सिस्टम और संचार व्यवस्था की कार्यक्षमता जांची जाएगी। यह परीक्षण सुरक्षा मंजूरी की प्रक्रिया का सबसे अहम चरण माना जाता है। 7-8 जुलाई तक मिल सकती है अंतिम मंजूरी मेट्रो अधिकारियों के अनुसार 27 से 29 जून तक चल रहे तीन दिवसीय निरीक्षण के बाद सीएमआरएस अपनी रिपोर्ट तैयार करेंगे। यदि सभी तकनीकी मानक संतोषजनक पाए गए तो 7 या 8 जुलाई तक अंतिम स्वीकृति मिलने की संभावना है। इसके बाद नए सेक्शन पर कभी भी यात्री सेवाएं शुरू की जा सकती हैं। आईआईटी से नौबस्ता तक सफर होगा आसान नए सेक्शन के शुरू होने के बाद कानपुर मेट्रो का पहला कॉरिडोर पूरी तरह आईआईटी से नौबस्ता तक जुड़ जाएगा। इससे शहर के दक्षिणी हिस्से के लाखों लोगों को तेज, सुरक्षित और जाम-मुक्त सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी। मेट्रो प्रशासन का दावा है कि पूरा कॉरिडोर शुरू होने के बाद आईआईटी से नौबस्ता तक का सफर करीब 40 मिनट में पूरा किया जा सकेगा।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *