सीतापुर में आधी रात सैकड़ों उपभोक्ताओं ने पावर हाउस घेरा:बिजली कटौती से नाराज लोगों की पुलिस से नोकझोंक,विद्युत अफसरों ने जल्द समस्या का दिया आश्वाशन


सीतापुर शहर में लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने और शिकायतों के बावजूद अधिकारियों द्वारा फोन न उठाए जाने से नाराज़ उपभोक्ताओं का गुस्सा शनिवार देर रात सिटी पावर हाउस पर फूट पड़ा। रात करीब 12 से 1 बजे के बीच बड़ी संख्या में लोग सिटी पावर हाउस पहुंच गए और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि कई घंटों से बिजली गुल है, जिससे भीषण गर्मी और उमस के बीच लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। उपभोक्ताओं का कहना था कि शिकायत दर्ज कराने के लिए कई बार विभागीय नंबरों पर फोन किया गया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। इससे लोगों में भारी नाराज़गी फैल गई और वे जवाब मांगने के लिए सीधे पावर हाउस पहुंच गए। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ लोगों की पुलिसकर्मियों से नोकझोंक भी हुई, हालांकि स्थिति जल्द ही नियंत्रण में आ गई। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और बिजली विभाग के अधिकारियों से वार्ता कराई। मौके पर पहुंचे बिजली विभाग के अधिकारियों ने उपभोक्ताओं को आश्वस्त किया कि तकनीकी खराबी को दूर करने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है और जल्द ही बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ और वे अपने-अपने घर लौट गए। स्थानीय लोगों ने मांग की कि बिजली आपूर्ति में सुधार के साथ-साथ शिकायतों के त्वरित निस्तारण की व्यवस्था की जाए तथा कंट्रोल रूम के फोन हमेशा चालू रखे जाएं, ताकि उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना न करना पड़े। पुलिस और बिजली विभाग की सक्रियता से देर रात स्थिति सामान्य हो सकी।

Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *