![]()
सीतापुर के खैराबाद थाना क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 7 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-30 (NH-30) पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। सीएमओ कार्यालय के पास एक अनियंत्रित कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर खैराबाद से सीतापुर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान लखनऊ मार्ग से आ रही तेज गति से आ रही कार अनियंत्रित हो गई और बाइक को कुचलते हुए निकल गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे। सूचना मिलते ही खैराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान छुटकन निवासी ग्राम रामपुर, थाना मछरेहटा, जनपद सीतापुर के रूप में हुई है। वही घायल की अवस्था ठीक न होने से उसकी पहचान नहीं हो सकी है। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने व्यवस्थित कराया। प्राथमिक जांच में दुर्घटना का कारण कार की तेज रफ्तार और अनियंत्रित होना माना जा रहा है। पुलिस फरार कार चालक की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
Source link
सीतापुर में अनियंत्रित कार ने बाइक सवारों को कुचला:NH 30 पर हादसे में एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर घायल,कार चालक फरार